नगर निगम ने बढ़ाए अहाना एन्क्लेव में फ्लैट के दाम, 83.5 लाख का हुआ 3 BHK फ्लैट

लखनऊ, अमृत विचार: नगर निगम ने अहाना एन्क्लेव में फ्लैट के दाम 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ा दिए हैं। थ्री बीएचके फ्लैट अब 83.5 लाख और टू बीएचके फ्लैट 46 लाख रुपये में मिलेगा। परियोजना में खाली कुल 261 फ्लैट के दाम बढ़ाये गए हैं। नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह की स्वीकृति के बाद नई दरें 1 फरवरी से लागू हो गई हैं।
नगर निगम ने जोन-8 के औरंगाबाद खालसा में अहाना एन्क्लेव के नाम से पहली बहुमंजिला आवासीय योजना तैयार की है। इसमें कुल 684 ईडब्ल्यूएस, एमआईजी और एचआईजी फ्लैट बनाए थे। 2021 में परियोजना का निर्माण शुरू किया और 2021 में पंजीकरण खोला था। पंजीकरण खोलने के बाद से नगर निगम ने एक भी बार फ्लैट की कीमत नहीं बढ़ाई थी। निर्माण लागत बढ़ने के साथ ग्राहकों की मांग को देखते हुए नगर निगम के अभियंत्रण विभाग ने पिछले महीने खाली फ्लैट के दाम बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार करके नगर आयुक्त की की स्वीकृति के लिए भेजा था। नगर आयुक्त की स्वीकृति मिलते ही इसे 1 फरवरी से लागू कर दिया गया है।
फ्लैट टाइप | संख्या | पुरानी दरें (लाख में) | नई दरें (लाख में) |
एचआईजी जी प्लस थ्री | 136 | 71 | 83.50 |
एमआईजी टू बीएचके टाइप | 16 | 39 | 46 |
एमआईजी टाइप 2 | 113 | 31.50 | 37 |
ईडब्ल्यूएस 1 बीएचके | 6 | 18.50 | 21.65 |
यह भी पढ़ेः नगर निगम लेकर आया अपना मोबाइल ऐप, जानें कैसे करेगा आप लोगों की मदद