मुरादाबाद : मरम्मत के चलते सोमवार से बंद रहेगा कटघर रामगंगा पुल, दो माह के लिए किया रूट डायवर्जन...ऐसे गुजरेंगे वाहन 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। सोमवार से उत्तराखंड को उत्तर प्रदेश से जोड़ने वाला कटघर रामगंगा पुल के बेयरिंग और एक्सपेंशन ज्वाइंट बदलने का कार्य शुरू हो जाएगा। इसके लिए यातायात पुलिस ने रामगंगा पुल पर सोमवार से यातायात को पूर्ण रूप से बंद कर दिया है। पुल से किसी भी तरह का वाहन नहीं गुजरेगा, यहां तक कि पुल से पैदल भी नहीं आ जा सकेंगे। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने यातायात सुचारु रखने के लिए दो माह के लिए रूट डायवर्जन कर दिया है। 

दो माह तक ऐसे गुजरेंगे वाहन 
1. रोडवेज, काशीपुर की बसों का संचालन टीपी नगर पर बनाये गये अस्थाई बस स्टैंड से किया जायेगा। जबकि  शहर में रामपुर तथा दिल्ली की ओर से आने जाने वाली बसें शहर क्षेत्र मे पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। सभी बसें टीपी नगर अस्थायी बस स्टैण्ड से संचालित होंगी। 
2. रामपुर व काशीपुर की तरफ को जाने वाला छोटे व चार पहिया वाहन हनुमान मूर्ति से पंडित नगला, आजाद नगर, गागन पुल से होते हुए हाइवे पर चढ़कर अपने गंतव्य स्थान को जाएंगे ।
3. रामपुर व काशीपुर की तरफ से आने जाने वाले भारी वाहन जो अपना सामान शहरी क्षेत्र में लाना चाहते हैं, वह भारी वाहन जीरो प्वाइंट पाकबडा से लाकड़ी फाजलपुर  चौराहा होता हुए रात्रि 11.30 बजे से सुबह  5 बजे तक शहरी क्षेत्र में आ जा सकेंगे।
4. काशीपुर व रामपुर की तरफ से आने वाले भारी वाहन जो बिजनौर व हरिद्वार की तरफ जाना चाहते हैं और जो अब तक की व्यवस्था के अनुसार समय रात्रि 11.30 बजे से सुबह  5 बजे तक हनुमान मूर्ति, स्टेशन रोड, फव्वारा चौक होते हुए निकलते थे, ऐसे सभी भारी वाहन अब  हाईवे से गुजरते  हुए टीएमयू अंडरपास से होकर हकीमपुर चौकी, शेरुआ चौराहा होते हुए बिजनौर व हरिद्वार की ओर जाएंगे।
5. किसी भी प्रकार का भारी वाहन मुरादाबाद शहरी क्षेत्र से गुजरने के उद्देश्य से शहरी क्षेत्र में प्रवेश नहीं करेगा। 
6. बिजनौर व हरिद्वार से आने वाले भारी, छोटे वाहन काशीपुर व रामपुर की तरफ जाना चाहते हैं वह अब शेरुआ चौराहा से हकीमपुर चौकी होता हुए टीएमयू अंडरपास से गुजरकर हाइवे से गंतव्य स्थान पर जाएंगे । 
7. कोहिनूर से दससराय व डबल फाटक पुल संभल चौराहा आने जाने वाला भारी वाहन पूर्व की भांति पूर्णतः प्रतिबन्धित रहेगा। 
8. आईसीडी में आने जाने वाले एक्सपोर्ट कंटेनर  का संचालन लाकडी तिराहा से रात्रि में 11.30 बजे से सुबह 5 बजे तक रहेगा। 
9. लाकडी तिराहा से 3 किलोमीटर की परिधि में कोई भी भारी वाहन खड़ा नहीं करेगा। ऐसा करने पर उन वाहनों के विरुद्ध नो-एन्ट्री व पार्किंग नियम उल्लंघन की कार्रवाई की जाएगी । जरूरत पड़ने पर इस में  व्यवस्था अनुसार परिवर्तन किया जा सकेगा।


1.75 करोड़ की लागत  से बदले जाएंगे बेयरिंग और एक्सपेंशन ज्वाइंट
पिछले एक वर्ष से टूटे पड़े रामगंगा पुल के बेयरिंग सोमवार से बदले जाएंगे। कल से लोक निर्माण विभाग की ओर सनराइज इंजीनियरिंग कंपनी को पुल के बेयरिंग और एक्सपेंशन ज्वाइंट बदलने का ठेका दिया गया है। बेयरिंग और पुल एक्सपेंशन ज्वाइंट की मरम्मत में लगभग एक करोड़ 75 लाख की लागत लगेगी। पुल के एक्सपेंशन ज्वाइंट को बदले जाने का निर्णय हाल ही में लिया गया था। पहले विभाग को पुल टूटे बेयरिंग बदलने जाने के लिए लोक निर्माण विभाग प्रमुख अभियन्ता (विकास) एवं विभागाध्यक्ष लोक निर्माण विभाग उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से 78 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : मुस्कान का मरहम पाकर खिल उठे सैकड़ों मायूस चेहरे, डॉ. गोयल बुजुर्गों का बने सहारा

 

संबंधित समाचार