Sambhal : डीएम-एसपी ने 24 कोसीय तीर्थ परिक्रमा में की 11 किलोमीटर पैदल यात्रा, श्रद्धालुओं ने लगाए श्री कल्कि के जयकारे
संभल, अमृत विचार। संभल में पौराणिक 68 तीर्थों और 19 कूपों की 24 कोसीय परिक्रमा में श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया। श्रद्धालु श्री कल्कि के जयकारे लगाते हुए परिक्रमा मार्ग पर बढ़ते रहे। विभिन्न तीर्थों के दर्शन पूजन करते हुए परिक्रमा पूर्ण की। डीएम, एसपी ने भी परिक्रमा मार्ग पर करीब 11 किलोमीटर पैदल यात्रा करते हुए हालात देखे और अतिक्रमण हटवाया।
24 कोसीय मासिक परिक्रमा समिति के तत्वावधान में रविवार को आदमपुर मार्ग पर गांव बेनीपुर चक में स्थित प्राचीन श्री वंशगोपाल तीर्थ से परिक्रमा का शुभारंभ हुआ। यहां पहुंचे डीएम डॉ.राजेंद्र पैंसिया, एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने पूजा अर्चना और श्री कल्कि की आरती में हिस्सा लिया। उन्होंने वसंत पंचमी के उपलक्ष्य में मां सरस्वती को पीले पुष्प अर्पित कर पूजा अर्चना की। जिसके बाद श्रद्धालुओं ने परिक्रमा मार्ग का रुख किया। छोटी बच्चियों ने डीएम, एसपी, एसडीएम डॉ.वंदना मिश्रा आदि को श्री रामनवमी पटका पहनाकर अभिनंदन किया। डीएम ने बच्चियों को पुस्तक भेंट की।
डीएम एसपी ने भोलेश्वर पुलिस चौकी तक परिक्रमा मार्ग देखा। पूर्व में परिक्रमा समिति द्वारा की गई अतिक्रमण की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कराई। परिक्रमा मार्ग को अधिक सुंदर एवं सुविधायुक्त बनाने की योजना पर विचार विमर्श किया। एसडीएम, ईओ नगर पालिका डॉ.मणिभूषण तिवारी को परिक्रमा मार्ग के सौंदर्यीकरण के लिए स्थानों को चिह्नित कर जल्द ही कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री कल्कि के जयकारे लगाते हुए भुवनेश्वर तीर्थ, क्षेमनाथ तीर्थ, शिव मंदिर भवानीपुर, चंद्रेश्वर महादेव मंदिर चंदायन से होते हुए पुनः वंशगोपाल तीर्थ पर पहुंचे और परिक्रमा पूर्ण की। यहां प्राचीन कदम्ब वृक्ष की परिक्रमा भी लगाई। परिक्रमा मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई थी।
बनेगा मुख्य परिक्रमा द्वार, होंगे सौंदर्यीकरण के कार्य
डीएम राजेंद्र पैंसिया ने संभल की 24 कोसीय परिक्रमा मार्ग का मुख्य द्वार बनवाने के अफसरों निर्देश को दिये हैं। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि परिक्रमा मार्ग की पैमाइश करायी जाए। नरोत्तम सराय तथा जालब सराय के पास चौराहे के सौन्दर्यीकरण तथा तीर्थ मार्ग के स्थान एवं मार्ग को लेकर पिलर एवं फ्लैक्स बोर्ड लगवाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया। परिक्रमा मार्ग के मध्य पड़ने वाले नलकूपों के सौन्दर्यीकरण तथा वहां श्रद्धालुओं के बैठने के लिए सीट एवं पुरुष एवं महिला शौचालय बनवाने के लिए निर्देशित किया। परिक्रमा मार्ग के पास जगह जगह पर शौचालय बनवाने तथा परिक्रमा मार्ग के प्रत्येक कोस पर पिलर लगवाने तथा मोड़ पर तीर्थ एवं परिक्रमा मार्ग से संबंधित जानकारी का बोर्ड लगवाने के लिए निर्देशित किया। परिक्रमा मार्ग की साफ़ सफाई को लेकर भी संबंधित को निर्देशित किया।
परिक्रमा में भाजपा नेताओं ने भी लिया हिस्सा
24 कोसीय तीर्थ परिक्रमा में अधिकारियों के साथ-साथ भाजपा नेताओं की मौजूदगी भी रही। परिक्रमा समिति अध्यक्ष राज कुमार शर्मा, मुकेश शर्मा, भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल, भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी हरेन्द्र सिंह रिंकू, बहजोई चेयरमैन राजेश शंकर राजू, नगर हिंदू सभा अध्यक्ष कमलकांत तिवारी, ब्लॉक प्रमुख पति कुलदीप चाहल, विहिप जिलाध्यक्ष अमित वार्षेण्य, विश्व हिंदू महासंघ जिलाध्यक्ष महेश शर्मा, जसपाल सिंह, राम किशन, प्रभाकर, संजीव शुक्ला, भूकेंद्र शर्मा, अशोक बाजवा, अंकित, अभिषेक, शोभित शास्त्री, नमन,अमित शुक्ला, प्रदीप शर्मा, संजय गुप्ता,राकेश वार्ष्णेय,नितिन,सीमा आर्य,सुनीता यादव,सरिता गुप्ता,सत्यपाल सैनी, राहुल आदि रहे।
ये भी पढे़ं : संभल : महाकुंभ की भगदड़ में दबने से किसान की मौत
