कानपुर में DM कार्यालय के पास टेंपो चालक ने बच्चे को मारी गोली...घायल: मचा हड़कंप, पुलिस ने खंगालने शुरू किए CCTV

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

कोतवाली थानाक्षेत्र के जिलाधिकारी कार्यालय के गेट के पास की घटना

कानपुर, अमृत विचार। कोतवाली थानाक्षेत्र में जिलाधिकारी कार्यालय के पास लघुशंका करने गए 13 वर्षीय बच्चे पर एक टेंपो चालक ने गोली मार दी। जिसे गोली उसके दाहिने कंधे पर लग गई। परिजनों ने उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया। घायल भतीजे के चाचा की तहरीर पर अज्ञात टेंपो चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। 

उन्नाव के सिकंदरपुर सरौसी के ग्राम सिहुरा निवासी अरविंद कुमार के अनुसार 31 जनवरी को उनका 13 वर्षीय भतीजा करन बड़े भाई शंकर के साथ कपड़ा खरीददारी करने के लिए आया था। रात करीब 11.15 बजे भतीजा और अरुण एडवोकेट प्रमोद कुमार के चैंबर कचहरी मे सो रहे थे। तभी वहां से निकल कर लघुशंका करने के लिए जिलाधिकारी कार्यालय मुख्य गेट के पास रोड पर गए थे। तभी लघुशंका करते समय रोड के दूसरे तरफ खड़े अज्ञात टेंपो वाले ने जान से मारने की नियत से भतीजे करन पर गोली चला दी। 

जिससे भतीजे करन के दाहिने कंधे के उपर गोली लगी। भतीजा करन घायल होकर वहीं गिर गया। जिसे इलाज के लिए उन लोगों ने उर्सला अस्पताल में पुलिस को सूचना देने के बाद भर्ती कराया। गोली चलने के कारण हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस संबंध में कोतवाली इंस्पेक्टर जगदीश पांडेय के अनुसार अरविंद कुमार की तहरीर पर अज्ञात टेंपो नाम पता अज्ञात के खिलाफ हत्या का प्रयास में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। 

पुलिस ने खंगालने शुरू किए सीसीटीवी 

कोतवाली पुलिस को जैसे ही गोली चलने की सूचना मिली वैसे ही फोर्स मौके पर पहुंच गया। लेकिन तब तक जान से मारने का प्रयास का आरोपी मौके से भाग चुका था। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। घटनास्थल पर गोली चलने से हड़कंप मच गया। लोगों की भीड़ लग गई। इसके बाद शनिवार सुबह कोतवाली पुलिस की टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को चेक किया। इंस्पेक्टर के अनुसार जल्द से जल्द टेंपों चालक की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। 

ये भी पढ़ें- कानपुर में पांच वर्षीय बच्ची के साथ 28 साल के युवक ने की घिनौनी हरकत: टॉफी दिलाने के बहाने जंगल में ले गया, तीन घंटे तक की हैवानियत...

संबंधित समाचार