अयोध्या: एक भी CBSE स्कूलों ने नहीं दिया अभी तक ब्यौरा, 31 जनवरी तक का था समय
अयोध्या, अमृत विचार: जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से जारी एक आदेश को सीबीएसई के स्कूल आईना दिखा रहे हैं। स्कूलों से संबधित ब्यौरा 31 जनवरी तक मांगे जाने के बाद भी अभी तक 11 में से एक भी स्कूल ने ब्यौरा नहीं दिया है। बताया जा रहा है स्कूलों से जुड़े विभिन्न ब्योरे को लेकर प्रबंधन की ओर से कन्नी काटी जा रही है।
विगत दिनों जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पवन कुमार तिवारी की ओर से जारी एक आदेश के तहत नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित सीबीएसई के 11 स्कूलों से विद्यालय, चालक सहित वाहन, शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की जानकारी उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए गए थे। इसके लिए 31 जनवरी तक का समय भी दिया गया था लेकिन अभी तक निर्धारित प्रोफार्मा पर एक भी ब्योरा स्कूलों द्वारा जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में दाखिल नहीं किया गया है।
बताया जा रहा है कि यह ब्यौरा शासन के उस निर्देश के क्रम में तलब किया गया है जिसमें स्कूलों की आनलाइन मॉनिटरिंग और सभी व्यवस्थाओं की जानकारी की जानी है। इसमें सबसे महत्वपूर्ण स्कूल बसों में चालक, परिचालक समेत बस में सीसीटीवी कैमरे आदि शामिल हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक डाॅ पवन कुमार तिवारी का कहना है कि यदि दो दिन के भीतर ब्यौरा नहीं दिया गया तो नियम संगत कार्रवाई की जाएगी।
सीबीएसई के इन स्कूलों से मांगा गया था ब्योरा
जेबी अकादमी, उदया पब्लिक स्कूल, टाइनी टाट्स स्कूल, भवदीय पब्लिक स्कूल, एमआईएस इंटर कॉलेज, विनायक पब्लिक स्कूल, सिटी पब्लिक स्कूल रुदौली, डायमंड एकेडमी बीकापुर, एमजेएस एकेडमी भरतकुंड, गुरुनानक गर्ल्स इंटर कॉलेज व माडर्न इंटर कॉलेज बीकापुर को नोटिस दिया गया है।
ये भी पढ़ें- अयोध्या: संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप
