प्रतापगढ़ में भीषण सड़क हादसा, छह बच्चों समेत 14 बारातियों की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

घटना से इलाके में मचा कोहराम प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकरायी। इस हादसे में छह बच्चों समेत 14 लोगो की मौत हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना पर दु:ख व्यक्त करते हुए मृतकों के …

घटना से इलाके में मचा कोहराम

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकरायी। इस हादसे में छह बच्चों समेत 14 लोगो की मौत हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना पर दु:ख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रूपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

देशराज इनारा गांव के पास बीती रात यह हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गयी। हादसे में हताहत सभी लोग बाराती थे जो नवाबगंज क्षेत्र के शेखपुर गांव में विवाह समारोह से वापस लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सभी मृतक उसमें फंसे हुये थे। शवों को गैस कटर की मदद से बाहर निकाला गया।

मरने वालों में 12 कुंडा कोतवाली के जिगरापुर गांव के रहने वाले हैं जबकि एक मानिकपुर और एक हथिगंवा इलाके का निवासी है। मृतकों में बबलू (22),दिनेश कुमार (49),पवन कुमार (10),दया राम(40),अमन कुमार(7),रामसुमन(40), अंश (9),गौरव कुमार (10),नान गौड (55), सचिन (12),हिमांशु (12),मिथिलेश कुमार (17),अभिमन्यू (28) और मानिकपुर क्षेत्र निवासी चालक पारस नाथ (40) शमिल है।

अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदत्यिनाथ ने प्रतापगढ़ हादसे पर दु:ख जताया है। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचने और पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस दुर्घटना में मारे गये लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रूपये की आर्थिक सहायता दिये जाने के निर्देश दिये हैं।

पुलिस महानिरीक्षक (प्रयागराज रेंज) केपी सिंह ने बताया कि बोलेरो गाड़ी बहुत तेज गति से जा रही थी जिससे दुर्घटना होने पर वाहन का आधा हिस्सा ट्रक में जा घुसा। ये सभी लोग नवाबगंज थाना क्षेत्र से एक शादी समारोह से लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस, परिवहन विभाग और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के साथ मिलकर ऐसे ब्लैक स्पॉट पर होर्डिंग आदि लगाएगी जहां दुर्घटना होने की अधिक आशंका रहती है।

प्रियंका ने सड़क हादसे पर जताया दुख
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे पर दुख जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। पार्टी की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका ने फेसबुक पोस्ट में कहा, “उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में हुए हृदय विदारक हादसे के बारे में सुनकर मन आहत हुआ है।”

संबंधित समाचार