कासगंज: युवक की संदिग्ध परिस्थियों में मौत, परिजनों ने दोस्त पर लगाया हत्या का आरोप
कासगंज, अमृत विचार। दोस्त की रिश्तेदारी में दावत खाने जा रहे 24 वर्षीय युवक की अमांपुर के लखीमपुर पुलिया के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने साथी युवक पर गला काटकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। घटना को लेकर मृतक युवक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
ढोलना थाना क्षेत्र के गांव खैरपुर निवासी 24 वर्षीय आशीष कुमार पुत्र योगेंद्र कुमार अपने साथी मोहित पुत्र पुष्पेंद्र सिंह निवासी अथ्थैया के साथ सिढपुरा कस्बे में दावत खाने के लिए बाइक से जा रहा था। इसी बीच पुलिया के नजदीक उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। कुछ लोग इस घटना को हादसा भी बता रहे हैं, लेकिन मृतक आशीष के मामा मिथलेश का कहना है कि उसकी साथी युवक ने गला काटकर हत्या की है। उसके शरीर पर ओर कोई निशान नहीं है, जबकि उसके साथ बैठे मोहित के भी कोई चोट नहीं है। उन्होंने दोस्त पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सूचना पर पहुंची अमांपुर थाना पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि आशीष की शादी 7 फरवरी 2023 को हुई थी। उस पर पांच माह का बेटा भी है। थानाध्यक्ष चंचल सिरोही ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा का प्रतीक हो रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच पड़ताल कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें - कासगंज : शहर में घर घर से कूढा उठाने के लिए नगर पालिका के 20 छोटे बडे़ वाहन तैयार
