कानपुर में नकली पान मसाला फैक्ट्री में छापा...महिला गिरफ्तार: भारी मात्रा में माल और पैसे बरामद
कानपुर, अमृत विचार। काकादेव थानाक्षेत्र में नकली पान मसाला फैक्ट्री में कंपनी के अधिकृत अधिकारियों की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी करके एक महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घर से भारी मात्रा में नकली पान मसाला बनाने वाली सामग्री, बिक्री के 60 हजार रुपये और अन्य माल बरामद किया।
काकादेव इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया के अनुसार नकली एसएनके पान मसाला की दुकानों से बिक्री पर कंपनी के मैनेजर अविनाश मोदी ने एक जनवरी को आरोपी सोनू वर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने रविवार को शास्त्री नगर स्थित आरोपी चंद्रप्रकाश वर्मा उर्फ सोनू के घर पर छापेमारी की।
पुलिस देख आरोपी सोनू फरार हो गया। जबकि उसकी पत्नी प्रियंका वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घर से पैकिंग मशीन, 15 बोरी नकली एसएनके व दस बोरी केसर पान मसाला, सामग्री, पैकिंग मटेरियल व बिक्री का 60 हजार रुपये बरामद किया। आरोपी चंद्रप्रकाश की गिरफ्तारी के लिए तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़ें- कानपुर के HBTU कैंपस की बढ़ी सुरक्षा: 80 CCTV कैमरों से होगी निगरानी, छात्रों के बीच विवाद होने के बाद हुआ था निर्णय
