मुरादाबाद: दिल्ली से आएं हो तो पहले कराएं कोविड जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। दिल्ली में एक बार फिर कोरोना के पंख फैलने से मुरादाबाद में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। दिल्ली से आने वाले सभी यात्रियों को घर जाने से पहले कोविड जांच करानी पड़ेगी। उनकी सुविधा के लिए रोडवेज परिसर में ही शिविर का आयोजन किया गया। पहले दिन दो सौ से …

मुरादाबाद, अमृत विचार। दिल्ली में एक बार फिर कोरोना के पंख फैलने से मुरादाबाद में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। दिल्ली से आने वाले सभी यात्रियों को घर जाने से पहले कोविड जांच करानी पड़ेगी। उनकी सुविधा के लिए रोडवेज परिसर में ही शिविर का आयोजन किया गया। पहले दिन दो सौ से ज्यादा लोगों की यह जांच कराई गई। रैपिड एंटीजन किट से तो जांच की ही गई, पर यदि कोई संदिग्ध मिला तो उसकी आरटीपीसीआर जांच के लिए भी नमूना लिया गया। अब यह व्यवस्था जल्द ही रेलवे परिसर में भी शुरू की जा सकेगी।

राजधानी में बुधवार को साढ़े सात हजार लोग कोरोना की चपेट में पाए गए। हैरत की बात है कि जब बाकी कई इलाकों में इस संक्रमण का दम घुट रहा है, वहां दिल्ली में इसने फिर से आतंक मचाना शुरू कर दिया है। मुरादाबाद में भी कोरोना के केस काफी कम हुए हैं। रिकवरी लगातार बढ़ती जा रही है। पर जो दिल्ली के हालात सामने आए हैं, स्वास्थ्य विभाग उसे बल्कुल भी हल्के में नहीं लेना चाहता। शासन के निर्देश मिलते ही रोडवेज और पीतल नगरी डिपो पर कोविड जांच का कैंप लगाया गया।

दिल्ली से आने वाली बसों में सवार यात्रियों से पूछताछ की गई। उनसे फेस मास्क और सामाजिक दूरी का ख्याल करने और जागरूक रहने की अपील की गई। जो यात्री दिल्ली से आए थे, उनकी जांच कराई गई। सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि गुरुवार को जो रैपिड एंटीजन किट से जांच हुई, उसमें एक भी संक्रमित नहीं मिला है। आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट अभी आई नहीं है। यह व्यवस्था ट्रेन से आने वाले यात्रियों के लिए भी जल्द शुरू कर दी जाएगी। इसको लेकर रेलवे विभाग के अधिकारियों से भी चर्चा की जा रही है।

संबंधित समाचार