बदायूं: दो हजार सीसीटीवी चेक किए तब खुला राज, कर्ज चुकाने को ट्रक चालक ने ही रची थी लूट की साजिश
22 जनवरी की रात ट्रक चालक को नशीला पदार्थ देकर रिफाइंड लूटने का मामला आया था सामने
बदायूं, अमृत विचार। नेपाल से दिल्ली जाते समय रिफाइंड ऑयल की टिन भरा ट्रक लूट का मामला सामने आया था। पुलिस ने गुन्नौर से खाली ट्रक बरामद किया था जबकि कुछ ऑयल लखीमपुर की एक फैक्ट्री से बरामद किया है। ट्रक चालक ने अपने 20 लाख रुपये का कर्ज चुकाने के लिए साजिश रची थी। कम कीमत में फैक्ट्री के मालिक को रिफाइंड ऑयल बेचा गया था। जांच के बाद पुलिस ने तकरीबन दो हजार से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। ट्रक चालक, फैक्ट्री मालिक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि दो आरोपी फरार हैं। पकड़े गए आरोपियों के पास से रिफाइंड ऑयल बेचकर मिले 14 लाख रुपये बरामद हुए। सोमवार के एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने खुलासा किया। टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया गया है।
दिल्ली के मोहल्ला स्वरूपपुर निवासी सरबजीत सिंह 22 जनवरी को थाना मुजरिया क्षेत्र के गांव सबदलपुर के पास सड़क किनारे बेसुध मिला था। उसने नेपाल से रिफाइंड ऑयल लाने और रास्ते में उसे नशा सुंघाकर बदमाशों के लूटने की बात कही थी। पुलिस ने अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की। मुजरिया पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की चार टीमों ने अलग-अलग दिशा में जांच की। 22 जनवरी को गुन्नौर से खाली ट्रक बरामद किया था। टीम पॉम ऑयल और आरोपियों की तलाश में थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस लखीमपुर खीरी पहुंची। पुलिस ने सरबजीत सिंह, लखीमपुर खीरी के थाना मैंगलगंज के कस्बा निवासी पलविंदर पुत्र मुख्तियार, थाना गोलागोकरण नाथ के कस्बा निवासी पिता-पुत्र मनीष गुप्ता पुत्र रामबाबू और उसके बेटे रितिक गुप्ता को गिरफ्तार किया। एक कार, 14 लाख रुपये, टिन के 293 खाली व 6 भरे हुए कनस्तर बरामद हुए। पुलिस की पूछताछ में सरबजीत सिंह ने बताया कि उसपर 20 लाख रुपये कर्ज था। जिसके चुकाने के लिए ट्रक में रखे 1500 कनस्तर रिफाइंड ऑयल अपने साथी पलविंदर के साथ मिलकर लखीमपुर खीरी के मैसर्स गोविंद इंडस्ट्रीज मैन्यूफेक्चर ऑफ माइक्रो न्यूट्रिन्स फर्टिलाइजर एंड पेस्टीसाइड्रा फार्मूलेशन के मालिक मनीष गुप्ता व उसके बेटे रितिक गुप्ता को 12 लाख रुपये में बेचा था।
ट्रक चालक ने 12 लाख और पलविंदर ने 2 लाख रुपये लिए थे। आरोपी पिता-पुत्र ने वह ऑयल ज्यादा दाम पर लखीमपुर खीरी के अन्य व्यापारी दीपू गुप्ता व नमकीन व्यापारी शिव कुमार तोलानी पुत्र चंदीराम को बेचा था। पुलिस फरार व्यापारियों की तलाश कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में मुजरिया के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार, एसओजी के निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह, सर्विलांस सेल के निरीक्षक अरिहंत कुमार, उपनिरीक्षक धर्वेंद्र सिंह रहे। खुलासा के दौरान एसपी देहात डॉ. केके सरोज व सीओ सहसवान कर्मवीर रहे।
गैंगस्टर के आरोपी हैं पकड़े गए आरोपी पिता-पुत्र
पुलिस ने लखीमपुर खीरी के व्यापारी मनीष गुप्ता को पकड़ा है। उस पर साल 2023 में गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई हो चुकी है। इसके अलावा उसपर मारपीट, धमकाने, धोखाधड़ी, बलवा, षड्यंत्र करके धोखाधड़ी करने, सामूहिक दुष्कर्म, कॉपी राइट एक्ट आदि की आठ मामले दर्ज हैं। उसके बेटे पर भी गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई हो चुकी है। इससे पहले धोखाधड़ी के अंतर्गत कार्रवाई हुई थी। सरबजीत सिंह पर गांजा रखने व धोखाधड़ी के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है।
ट्रक का तिरपाल उड़ा तो पुलिस को हुआ था शक
ट्रक चालक ने दातागंज में ओवरटेक करके बदमाशों को उसे नशीला पदार्थ देकर ट्रक लूटने की बात कही थी। पुलिस की जांच दातागंज से शुरू होकर मुजरिया में चालक के मिलने पर स्थान पहुंची। फिर गुन्नौर और आगे लखीमपुर खीरी तक जांच हुई। इस दौरान टीम ने दो हजार से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। दातागंज में पुलिस को लगा कि ट्रक में रिफाइंड भरा है लेकिन मुजरिया क्षेत्र के एक सीसीटीवी फुटेज में ट्रक के पीछे का तिरपाल उड़ता नजर आया। पुलिस को शक हुआ तो और ज्यादा फुटेज की गई। जिनके आधार पर पुलिस ने खुलासा कर दिया।
