शाहजहांपुर: बुजुर्ग किसान पर हमलावर हुआ सांड...जमीन पर पटक कर मार डाला
सेहरामऊ दक्षिणी, अमृत विचार। जमुनिया पुरवा गांव में किसान ने सांड को भगाने का प्रयास किया तो वह हमलावर हो गया। सांड ने किसान को अपने सीगों में फंसा लिया। किसान की चीख सुनकर इकट्ठा हुए गांव वालों ने सांड को भगाने का प्रयास किया तो वह वृद्ध को सींगों पर उठाकर दौड़ने लगा। लगभग 25 मीटर तक सांड किसान को सींगों पर उठाए दौड़ता रहा। गांव वालों ने किसी तरह घायल को सांड से छुड़ाया और मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के गांव जमुनिया पुरवा निवासी 68 वर्षीय वृद्ध बच्चू लाल खेती किसानी कर जीवन यापन करते थे। रविवार की रात करीब 10 बजे गांव के बाहर लघुशंका करने के लिए जा रहे थे। गौंवंशीय पशुओं का झुंड गांव के पास ही खड़ा था। झुंड में एक सांड भी था। उन्होंने सांड को भगाने का प्रयास किया तो सांड उनके ऊपर दौड़ पड़ा। उनके सीने में सींग मार दिया। किसान के कपड़े सांड के सींगों में फंस गए। वृद्ध ने शोर मचाया तो गांव वाले दौड़ पड़े। इस दौरान सांड सींगों में फंसे वृद्ध को लेकर दौड़ पड़ा। गांव वाले लाठी लेकर सांड़ के पीछे दौड़ पड़े। सांड़ ने करीब 25 मीटर दूर बच्चू लाल को सींग से जमीन पर पटक दिया। सांड़ खेत की तरफ भाग गया। भतीजा अरविंद गांव वालों के साथ मौके पर पहुंचा और घायल ताऊ बच्चू लाल को लेकर राजकीय मेडिकल कालेज आया। डाक्टर ने देखने के बाद उसे भर्ती कर लिया। घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गयी।
उसके सीने में चोट के निशान थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक बच्चू लाल की शादी नहीं हुई थी। वह अपने भतीजे अरविंद कुमार के पास रहता था। मौत की खबर से परिवार में रोना पीटना मच गया। गांव वालों ने बताया कि खेत पर छुट्टा गौवंश और सांड घूमते रहते हैं, जो कई ग्रामीणों को घायल कर चुके हैं। प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार ने बताया कि सांड़ के हमले से वृद्ध की मौत हुई है।
बाईं ओर सीने में घुस गया सांड
पुलिस ने सांड के हमले से मरे वृद्ध बच्चू लाल के शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार उसके सीने में बाईं तरफ सींग घुस गया था, जिस कारण उसकी मौत हो गई। इसके अलावा सीने में गुम चोटे भी थी।
ये भी हैं घटनाएं
-16 जनवरी 2020 को गांव फरीदापुर में 52 वर्षीय चंद्रपाल को खेत में फसल की रखवाली के दौरान हमलावर हुए सांड ने पटक-पटक कर मार डाला।
- 16 जून 2022 को फर्रुखाबाद-बरेली हाईवे पर गांव खाई खेड़ा के चौराहे के पास 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति को सांड ने हमलाकर मार डाला।
-23 जनवरी 2023 को ग्राम पंचायत कुंडरा के मजरा स्थित आलू के खेत में घुसे जानवरों को भगाने के दौरान शिवलाल की पत्नी रीना देवी की मौत।
- 24 दिसंबर 2023 को ग्राम पंचायत कोला के मजरा रैपुरा निवासी साधुराम को खेत की रखवाली के दौरान छुट्टा पशुओं ने दौड़ा लिया। तालाब में गिरे साधुराम की डूबने से मौत हो गई।
-19 अगस्त 2024 को जलालाबाद थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर निवासी 50 वर्षीय चरन सिंह को सांड ने हमला कर मार डाला था।
-19 जनवरी को निगोही के गांव घाटबोझ निवासी लीलावती को सांड ने पटक-पटक कर मार डाला।
-21 जनवरी को निगोही के ही गांव चकौरा निवासी अजयवीर को सांड ने कुचल कर मार डाला।
जानिए क्या बोले सीवीओ
सीवीओ डॉ. राजेंद्र गंगवार ने बताया कि छुट्टा गोवंशों को लगातार गोशालाओं में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद भी कुछ पशु अभी संरक्षित करने से रह गए हैं। जल्द ही इन्हें भी संरक्षित किया जाएगा।
