Kanpur IIT में महिला इंजीनियर से यौन शोषण: मोबाइल तो कब्जे में लिया लेकिन आरोपी को मौका दिया, फरार...पुलिस की लापरवाही आई सामने

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। आईआईटी में साइबर सिक्योरिटी की प्रोजेक्ट इंजीनियर से यौन उत्पीड़न की घटना में मजिस्ट्रेटी बयान दर्ज होने के बाद आरोपी प्रोजेक्ट मैनेजर शुभम मालवीय फ्लैट में डाला डालकर फरार है। इस घटना में अब तक पुलिस की लापरवाही ये देखने को मिली है, कि आरोपी से उसका मोबाइल कब्जे में लिया लेकिन उसे फरार होने का मौका दे दिया। अब शहर से फरार होने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए ढिंढोरा पीट रही है। पुलिस की टीम इंदौर में उसकी गिरफ्तारी के लिए डेरा डाले हुए है। पुलिस को जल्द उसके पकड़े जाने की उम्मीद है। 
   
अरुणाचल प्रदेश की रहने वाली आईआईटी में साइबर सिक्योरिटी के लिए कार्य कर रही प्रोजेक्ट इंजीनियर का आरोप है कि इंदौर निवासी सहकर्मी प्रोजेक्ट मैनेजर शुभम मालवीय ने शादी का झांसा देकर करीब एक वर्ष तक उसका यौन शोषण किया। शादी के लिए जोर दिया तो मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। आईआईटी प्रशासन में शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर कल्याणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। 

जांच में जुटी पुलिस ने आरोपी शुभम मालवीय से पूछताछ करने के बाद उसके मोबाइल को कब्जे में ले लिया था। इसके बाद थाने से जाने दिया। पुलिस की यह लापरवाही ही अब उस पर भारी पड़ रही है। सूत्रों ने बताया कि ये आशंका जताई जा रही थी कि मजिस्ट्रेटी बयान में शायद पीड़िता अपने बयान बदल दे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट में लिखे सारे आरोप दोहराए। इसके बाद पुलिस आरोपी शुभम मालवीय की गिरफ्तारी के लिए सक्रिय हुई। इस बीच आरोपी अपने फ्लैट में ताला डालकर फरार हो गया। 

पुलिस की एक टीम आरोपी के गिरफ्तारी के लिए इंदौर स्थित उसके घर पहुंची। जहां आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया। लिहाजा पुलिस अब उसके नाते रिश्तेदारों के घर पहुंचकर पूछताछ कर रही है। पीड़िता ने पुलिस से आरोप लगाया कि शुभम विदेश जाने के लिए तमाम तरह से रुपयों की मांग करता था। कहना था कि उन्होंने इस्तीफा देने की कोशिश की, लेकिन घर के हालात देख उसने कदम नहीं उठाया। इस संबंध में डीसीपी पश्चिम राजेश कुमार सिंह के अनुसार आरोपी की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं। वहीं आरोपी के दोस्तों के भी बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- Kanpur में नौवीं के छात्र पर रिपोर्ट: सहपाठी की फोटो एडिट कर किए अश्लील कमेंट, पीड़ित की मां का नंबर भी किया वायरल, जानिए मामला

 

संबंधित समाचार