Sultanpur News : चार करोड़ से होगा मोतिगरपुर ब्लाक में विकास कार्य 

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

सुलतानपुर, अमृत विचारः मंगलवार को मोतिगरपुर ब्लॉक मुख्यालय पर आयोजित क्षेत्र पंचायत की बैठक में विकास कार्यों को गति देने के लिए चार करोड़ रुपये की कार्य योजना को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई। इस बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख चंद्र प्रताप सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय और विशिष्ट अतिथि एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह रहे।

बैठक की शुरुआत में डींगुरपुर बनकेगांव के प्रधान रणजीत वर्मा ने मौनी अमावस्या पर प्रयागराज में हुए हादसे में मृत श्रद्धालुओं के लिए 2 मिनट का मौन रखवाकर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद बीडीओ महेश चंद्र त्रिपाठी ने पिछले वर्ष की कार्रवाई का विवरण प्रस्तुत किया। सदस्यों ने पंचायत सहायकों की आईडी व पासवर्ड लॉक होने से मनरेगा कार्य ठप होने की समस्या उठाई। इस पर विधायक ने तत्काल सीडीओ अंकुर कौशिक से बात कर समाधान के निर्देश दिए। इसके अलावा सीएचसी भवन के पास टूटे खंभे और जर्जर हाईटेंशन तारों को लेकर भी शिकायतें आईं, जिस पर विधायक ने अधिशासी अभियंता संजय यादव को जल्द मरम्मत के निर्देश दिए।

विकास कार्यों को गति देने का संकल्प
सदन में आगामी वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए चार करोड़ रुपये के विकास कार्यों का प्रस्ताव पारित किया गया। इसमें सिंचाई, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य, शिक्षा, राष्ट्रीय आजीविका मिशन और कृषि विकास से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल होंगे। एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने सभी सदस्यों से आपसी सहयोग के साथ विकास योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की अपील की।

राशन कार्ड और फैमिली आईडी पर विशेष जोर
विधायक ने बताया कि आवास प्लस योजना के तहत सर्वे कार्य चल रहा है, जिससे कोई पात्र व्यक्ति छूटे नहीं। साथ ही, जिन परिवारों के पास राशन कार्ड नहीं है, उनकी फैमिली आईडी प्राथमिकता पर बनवाई जा रही है।

ग्राम प्रधानों को मिलेगा यात्रा भत्ता
पिछली बैठक में ग्राम प्रधानों के यात्रा भत्ते का भुगतान न होने की शिकायत को लेकर एकाउंटेंट वीर सिंह भारती ने स्पष्ट किया कि बजट की कमी के कारण भुगतान नहीं हुआ था, लेकिन बुधवार शाम तक सभी प्रधानों और सदस्यों के खातों में यात्रा भत्ता भेज दिया जाएगा। बैठक में सीएचसी अधीक्षक डॉ. अवनीश मिश्र, बीईओ बलदेव यादव, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी सत्यदेव सिंह, एडीओ पंचायत प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव, प्रधान अनिल सिंह, रमेश शर्मा, शंभू प्रसाद, शारदा यादव, सर्वेश सिंह, कृपाशंकर मिश्र सहित सभी ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य और ब्लॉक कर्मी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- Ayodhya News : निजीकरण किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं : रघुवंश मणि

संबंधित समाचार