लखीमपुर खीरी में दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से तीन युवकों की मौत
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: सदर कोतवाली क्षेत्र में पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हादसा मंगलवार की देर शाम पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर गांव बेढ़नापुर के पास हुआ। मंगलवार की शाम करीब छह बजे कस्बा महेवागंज निवासी अंकुल चक्रवर्ती (26) बाइक लेकर घर से अपने किसी काम से लखीमपुर गया था। उसकी बाइक पर पचकोरवा निवासी मोहित वर्मा (25) और हाजीपुरवा निवासी समीर सिद्दीकी (24) भी सवार थे।
सदर कोतवाली की रामापुर पुलिस चौकी के पास रात करीब साढ़े दस बजे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे तीनों युवकों की मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने पहचान कराने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सदर कोतवाली पुलिस ने महेवागंज निवासी अंकुल चक्रवर्ती के पिता सूरज चक्रवर्ती की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
तीनों मृतकों के परिवार में मचा कोहराम
पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर बेढ़नापुर के पास हादसे में मारे गए युवकों के परिवार को जब मौत होने की जाने की जानकारी हुई तो उनमें चीख पुकार मच गई। तीनों मृतकों के परिवार के लोग बड़ी संख्या में लोगों के साथ मौके पर पहुंच गए। शवों को देखकर उनमें चीख पुकार मच गई। परिवार के लोग एक दूसरे से चिपक कर फूट फूट कर बिलखने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें ढांढस बंधाया।
अज्ञात वाहन से हादसा हुआ है, जिसमें तीन युवकों की मौत हुई है। महेवागंज निवासी सूरज चक्रवर्ती की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस वाहन का पता लगा रही है- अंबर सिंह, शहर कोतवाल।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी : बेंगलुरु ले जाई जा रही नेपाली किशोरी को सीमा पर पकड़ा
