Bareilly: सपा नेता सुल्तान वेग पर FIR, CM योगी और महाकुंभ को लेकर दिया था आपत्तिजनक बयान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार: समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व विधायक सुल्तान वेग के खिलाफ शेरगढ़ थाने में आईटी एक्ट और अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरपाल की शिकायत पर हुई, जिसमें आरोप लगाया गया कि सुल्तान वेग ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और महाकुंभ को लेकर आपत्तिजनक बयान दिए। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 253, 299, 223 और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया है।

क्या कहा सुल्तान वेग ने?
वीडियो में सुल्तान वेग ने महाकुंभ की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि योगी सरकार ने महाकुंभ को श्मशान बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही और कुप्रबंधन के कारण बार-बार आग लगने और भगदड़ जैसी घटनाओं में कई लोगों की जान जा चुकी है। उनका दावा था कि संत समाज भी सरकार की इन नीतियों से नाराज है।

उन्होंने कहा कि महाकुंभ में हुई घटनाओं को सरकार छुपा रही है और सही आंकड़े सार्वजनिक नहीं कर रही। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि अगर अव्यवस्थाएं बनी रहीं, तो शाही स्नान के दौरान कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

सपा सरकार से की तुलना
सुल्तान वेग ने अपनी पार्टी की सरकार की तुलना करते हुए कहा कि सपा के शासन में भी कुंभ हुआ था, लेकिन तब ऐसी अव्यवस्थाएं नहीं थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि योगी सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है, चाहे वह कानून-व्यवस्था हो, स्वास्थ्य सुविधाएं हों या शिक्षा का क्षेत्र।

पुलिस कर रही जांच
शेरगढ़ पुलिस ने वायरल वीडियो को जांच में शामिल कर लिया है और मामले की विधि-सम्मत जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- Bareilly: 12 ट्रेनें कैंसिल, यात्रियों की परेशानी बढ़ी...जानें रेलवे ने कब तक के लिए लगाई रोक?

संबंधित समाचार