संभल : राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष ने किया हिंसा वाले इलाकों का दौरा, जाना सच
आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा पहुंचे संभल, जहां हिंसा हुई थी उन इलाकों में जाकर अधिकारियों से पूछा, कहां क्या हुआ था
संभल, अमृत विचार। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा ने गुरुवार को संभल पहुंचकर 24 नवंबर को जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा का सच जाना। हिंसा वाले इलाकों में जाकर अधिकारियों से समझा कि हिंसा के समय कहां पर क्या हुआ था। इसके बाद मुस्लिम व अन्य समुदाय के लोगों से अलग-अलग बात कर हिंसा को लेकर जानकारी ली। अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष ने सभी से शहर में शांति व्यवस्था बनाये रखने का भी अनुरोध किया। इस बीच हिंदू समुदाय के लोग तख्तियां हाथ में लेकर पहुंचे और संभल में हिंदुओं को अल्पसंख्यक का दर्जा देकर सुरक्षा की मांग रखी।
अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि वह संभल के हालातों पर अपनी रिपोर्ट भारत सरकार को देंगे। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा गुरुवार दोपहर को संभल में लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन पहुंचे। यहां कुछ देर रुकने के बाद 24 नवंबर को हुई हिंसा का सच जानने के लिए हिंसा वाले इलाकों के दौरे पर निकल पड़े। पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के साथ इकबाल सिंह लालपुरा जामा मस्जिद पह़ंचे और अंदर जाकर जाना कि कहां और क्या सर्वे किया जा रहा था जिसके बाद हिंसा हुई। जामा मस्जिद से निकलने के बाद वह अपर पुलिस अधीक्षक श्रीश्चंद्र,सीओ अनुज चौधरी व एसडीएम वंदना मिश्रा के साथ जामा मस्जिद से टंकी की तरफ जाने वाली सड़क पर गये। यहां अधिकारियों ने राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष को बताया कि कैसे अचानक हजारों की भीड़ उस सड़क पर आई और पुलिस पर पथराव व फायरिंग के बाद आगजनी की गई। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा ने हिंसा के हर प्वाईंट पर रुककर अफसरों से विस्तार से जानकारी ली। अफसरों ने जामा मस्जिद की पश्चिम दिशा की सीढ़ियों के निकट हुई हिंसा का सीन भी समझाया। बताया गया कि कई सड़कों व गलियों से एक साथ भीड़ निकलकर आई और एक साथ पुलिस पर हमला किया। गोली लगने व पथराव से पुलिस कर्मियों व अधिकारियों के घायल होने की बात भी बताई गई। हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा करने के बाद राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष वापस लोक निर्माण विभाग निरीक्षण भवन पहुंच गये।
