बदायूं: शार्टकट रास्ते से गया मुकेश मौत के मुंह में पहुंचा, शव देख बिलख पड़े परिजन

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

उघैती, अमृत विचार। उघैती थाना क्षेत्र में गांव चाचीपुर के पास सड़क किनारे खून से लथपथ मिले युवक की शिनाख्त हो गई है। युवक अपने बेटे के साथ बेटी की शादी के लिए लड़का देखने गया था। वापसी के दौरान सड़क हादसे में मौत हो गई थी। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। 

थाना उघैती क्षेत्र के गांव खंडवा निवासी मुकेश पुत्र महेंद्र पाल सिंह अपने बेटे रिंकू के साथ बेटी की शादी के लिए लड़का देखने गाजियाबाद गए थे। वह दोनों सोमवार सुबह घर से निकले थे। गाजियाबाद जाकर लड़का देखा और फिर दोनों मंगलवार को रोडवेज बस से वापस अपने गांव आ रहे थे। शाम लगभग पांच बजे बदायूं-बिजनौर मार्ग स्थित गांव चाचीपुर के पास मुकेश बस से उतरे थे। इससे पहले उन्होंने बेटे रिंकू से कहा था कि वह थोड़ा आगे कस्बा उघैती उतरकर किसी सवारी से गांव पहुंचे और वह शॉर्टकट से पैदल गांव पहुंच रहे हैं। रिंकू घर पहुंच गया लेकिन तीन घंटों के बाद भी मुकेश नहीं पहुंचे। परिजन उनकी तलाश में निकले लेकिन कहीं जानकारी नहीं हुई। 

बुधवार को भी पूरा दिन तलाश किया। बुधवार रात परिजनों को व्हाट्सएप ग्रुप से पता चला कि मुकेश की सड़क हादसे में मौत हो गई है। परिजन गुरुवार सुबह थाने पहुंचे। वहीं पुलिस भी सड़क किनारे मिले शव की पहचान में लगी थी। परिजनों ने मुकेश का शव होने की पुष्टि की। परिजन मोर्चरी में पहुंचे और शव साथ ले गए। शाम लगभग पांच बजे अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों ने अज्ञात वाहन के चालक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस वाहन की तलाश में है।

ये भी पढ़ें - बदायूं: चोरों ने एक ही रात में तीन दुकानों को बनाया निशाना, लाखों की चोरी...तोड़ गए CCTV

संबंधित समाचार