बदायूं: मृतक की हुई शिनाख्त, दावत में बरेली के लिए निकला था युवक
उझानी, अमृत विचार। उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव हजरतगंज के चकरोड किनारे बगिया में युवक का शव मिला था। युवक की पहचान हो गई है। परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी पहुंचकर उसकी शिनाख्त की। युवक शादी में शामिल होने के लिए बरेली जाने की बात कहकर घर से निकला था। मृतक के पिता ने हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
बुधवार सुबह कोतवाली उझानी क्षेत्र के गांव हजरतगंज में चकरोड के पास गांव भवानीपुर निवासी नाथू सिंह के सरसों के खेत में युवक का शव पड़ा मिला था। उसके मुंह से खून निकला जो सूख चुका था। युवक के हाथ पर बंटी लिखा था। शरीर पर टैटू थे। उसकी गर्दन पर नीले निशान थे। जिससे हत्या का अंदाजा लगाया जा रहा था। फारेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए थे। शाम को एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह और एसपी देहात डॉ. केके सरोज ने मौका मुआयना किया था। पुलिस युवक की पहचान को प्रयासरत थी। गुरुवार को कस्बा कादरचौक निवासी भगवान दास उझानी मोर्चरी पर पहुंचे। युवक की शिनाख्त अपने बेटे बंटी उर्फ पिंटू के रूप में की। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि चार फरवरी की शाम लगभग सात बजे बंटी अपने पड़ोसी इंद्रपाल राठौर पुत्र मुनेंद्र के साथ बरेली में दावत खाने जाने की बात कहकर घर से गया था। बंटी की मां ईश्वरी देवी ने उसे इंद्रपाल राठौर के साथ जाते देखा भी था। जिसके बाद बंटी घर नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे लेकिन कहीं पता नहीं चला। गुरुवार को अखबार से बंटी की मौत की जानकारी हुई। कोतवाली प्रभारी नीरज मलिक ने बताया कि युवक का शव खेत में मिला था। मृतक के पिता ने तहरीर दी है। रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें - बदायूं: शार्टकट रास्ते से गया मुकेश मौत के मुंह में पहुंचा, शव देख बिलख पड़े परिजन
