Lucknow News : टक्कर से डंपर में फंसकर घिसटते गए युवक-युवती, मौत
Lucknow, Amrit Vichar : गोमतीनगर विस्तार स्थित निर्माणाधीन शालीमार वन वर्ल्ड परिसर में बुधवार देर रात डंपर में फंसकर बाइक सवार युवक-युवती घिसटते चले गए। यह हादसा उस वक्त हुआ जब युवती घर से कुछ दूरी पर रहने वाले बाइक सवार युवक के साथ लिफ्ट लेकर घर लौट रही थी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग निकला। इंस्पेक्टर गोमतीनगर विस्तार सुधीर अवस्थी ने बताया कि घटनास्थल के सीसी कैमरों में हादसा कैद हुआ है। फुटेज की मदद से जांच की जा रही है।
बाघामऊ निवासी जुगनू राजपूत की बेटी मानसी उर्फ मीना राजपूत (20) पत्रकारपुरम स्थित साड़ी की दुकान पर काम करती थी। बुधवार रात करीब 11 बजे मानसी काम कर घर लौट रही थी। सवारी नहीं मिलने पर बाइक सवार मलेशेमऊ निवासी पेंटर मो. जोशीन (19) से लिफ्ट मांगी। करीब 11:30 बजे वह निर्माणाधीन शालीमार वन वर्ल्ड परिसर स्थित गोल चौराहे के पास पहुंचे ही थे। तभी सामने से आ रहे डंपर (एनएच 41 जे 3223) ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर से मानसी और जोशीन डंपर के नीचे फंस गए। हादसे के बाद ड्राइवर ने डंपर रोकने के बजाए रफ्तार और बढ़ा दी। दोनों बाइक सवार डंपर में फंसकर करीब 50 मीटर तक घिसटते चले गए। कुछ दूर जाकर डंपर बंद हुआ तो चालक गाड़ी से कूदकर भाग निकला। परिजन ने बताया कि देर रात तक मानसी के घर न आने पर घरवाले खोजबीन करते हुए शालीमार वन वर्ल्ड के पास पहुंचे तो पता चला कि युवक-युवती हादसे में मरणासन्न हैं। आनन-फानन में परिजन ने स्थानीय लाेगों की मदद से दोनों को लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मानसी और जोशीन को मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर गोमतीनगर विस्तार सुधीर अवस्थी ने बताया कि मानसी के परिवार में पिता जुगनू, मां विंधेश्वरी, चार बहन और दो भाई हैं। वहीं, जोशीन के परिवार में पिता अच्छे, मां अंजुम, चार भाई और पांच बहनें हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि डंपर नंबर के आधार पर ड्राइवर की तलाश की जा रही है। अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।
मोबाइल खराब होने के कारण नहीं जा पाया था बहन को लेने
मानकी का शव देख भाई मयंक चींख पड़ा। मयंक ने बताया कि 15 दिन पहले ही मानसी ने पत्रकारपुरम स्थित साड़ी की दुकान पर काम करना शुरू किया था। वह बहन को लेने जाता था। बुधवार को उसका मोबाइल खराब हो गया। इसलिए रात में वह बहन को लेने नहीं जा पाया। जिसके कारण बहन मानसी घर से कुछ दूरी पर रहने वाले जोशीन के साथ लिफ्ट लेकर बाइक से घर लौट रही थी।
गायब करने के इरादे से डाले में रखवा दिया था शव
परिजन ने बताया कि हादसे के बाद शालीमार वन वर्ल्ड में एंबुलेंस खड़ी थी। इसके बाद भी वहां के कर्मचारियों ने एंबुलेंस से अस्पताल नहीं पहुंचाया।आरोप है कि कर्मचारियों ने दोनों शवों को गायब करने के इरादे से डाले में रखवा दिया। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने पुलिस को फोन कर सूचना दी।
यह भी पढ़ें- Lucknow News : अंधविश्वास में पड़ पति-पत्नी ने की थी छात्रा की हत्या
