राष्ट्रीय खेलों में भ्रष्टाचार की झूठी खबर पर पोर्टल संचालक पर मुकदमा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार: महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून के प्रधानाचार्य राजेश ममगाई ने थाना रायपुर एक पोर्टल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। 

थानाध्यक्ष रायपुर के अनुसार, प्रधानाचार्य द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया कि 5 फरवरी 2025 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उत्तराखंड वाले नाम के पोर्टल के संचालक द्वारा उत्तराखंड में आयोजित 38 वें राष्ट्रीय खेलों के लोगो के साथ मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार की फोटो लगाते हुए "उत्तराखंड में हो रहे राष्ट्रीय खेलों में फिक्सिंग और भ्रष्टाचार का खेल, लाखों में बेचे जा रहे पदक" शीर्षक से एक खबर प्रकाशित की गई। आरोप लगाया गया कि उक्त खबर में संबंधित संचालक द्वारा झूठ व भ्रम फैलाते हुए पदकों की कीमत का भी उल्लेख किया गया है, जिसे विभिन्न माध्यमों से प्रचारित प्रसारित किया जा रहा है। 

उक्त झूठी एवं भ्रमित खबर के माध्यम प्रतिस्पर्धा में आए खिलाड़ियों एवं उनके समर्थको के साथ संपूर्ण भारत के राज्यों में उत्तराखंड राज्य की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे उत्तराखंड राज्य के खेल विभाग की प्रतिष्ठा के साथ-साथ खिलाड़ियों के मन में भी हीन भावना का प्रसार हो रहा है। वादी द्वारा दी गई उक्त तहरीर के आधार पर उत्तराखंड वाले नाम के पोर्टल के संचालक के विरुद्ध थाना रायपुर में धारा 353(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

संबंधित समाचार