तमिलनाडु में इरोड पूर्व विधानसभा उपचुनाव की मतगणना शुरू, द्रमुक उम्मीदवार को मिली शुरुआती बढ़त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चेन्नई। तमिलनाडु में इरोड ईस्ट विधानसभा क्षेत्र के लिए पांच फरवरी को हुए उपचुनाव के लिए शनिवार सुबह मतगणना शुरू हो गई और सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) उम्मीदवार वी सी चंद्रकुमार ने शुरुआती बढ़त बना ली है।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं इरोड के जिला कलेक्टर राजा गोपाल सुनकारा ने कहा कि मतगणना के लिए सभी इंतजाम किए गए हैं और सीसीटीवी कैमरों से प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि मतगणना केंद्र पर सशस्त्र पुलिस कर्मियों की तैनाती सहित कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

निर्वाचन क्षेत्र के 237 बूथों पर बुधवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए मतदान के दौरान कुल 2.27 लाख मतदाताओं में से लगभग 70 प्रतिशत ने अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद सील कर दी गईं और स्ट्रॉन्ग रूम में रखी गई इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन को कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना केंद्र पर लाया गया।

सिथोडे गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज में सुबह आठ बजे से गिनती शुरू हुई। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की गई और उसके बाद ईवीएम में डाले गए वोटों की गिनती की गई। उपचुनाव में 46 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा, यह दो साल में इस निर्वाचन क्षेत्र में दूसरा उपचुनाव है।

प्रमुख राजनीतिक दलों के मुकाबले से दूर रहने के बावजूद 46 उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ द्रमुक के वीसी चंद्रकुमार और अभिनेता-निर्देशक सीमान की नाम तमिलर काची (एनटीके) की एमके सीतालक्षी के बीच था। शुरुआती रुझानों से पता चला है कि द्रमुक उम्मीदवार ने शुरुआती बढ़त बना ली है।

ये भी पढ़ें- Milkipur By-election Result 2025 Live: मिल्कीपुर उपचुनाव के लिए मतगणना शुरू, बीजेपी 36 हजार से ज्यादा वोटों से आगे

संबंधित समाचार