बरेली: 100 रुपये के विवाद में हुई थी लल्लन की हत्या
बरेली/आंवला,अमृत विचार। आंवला के करुआ ताल निवासी लल्लन की हत्या 100 रुपये को लेकर हुए विवाद में की गई थी। मोबाइल फोन वापसी के दौरान 100 रुपये न देने पर जब लल्लन ने गांव के सुमित को शराब के नशे में गालियां देनी शुरू की तो साढ़े तीन साल की बेटी को गाली देने पर …
बरेली/आंवला,अमृत विचार। आंवला के करुआ ताल निवासी लल्लन की हत्या 100 रुपये को लेकर हुए विवाद में की गई थी। मोबाइल फोन वापसी के दौरान 100 रुपये न देने पर जब लल्लन ने गांव के सुमित को शराब के नशे में गालियां देनी शुरू की तो साढ़े तीन साल की बेटी को गाली देने पर सुमित को गुस्सा आ गया। वह लल्लन को जंगल में लेकर गया और जेब में रखे पेंचकस से उसके गले पर वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने सुमित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस गिरफ्त में आए सुमित के चेहरे पर हत्या का कोई मलाल नहीं था बल्कि उसमें अभी भी गुस्सा भरा हुआ था। वह प्रेस कांफ्रेंस में भी साफ-साफ कह रहा था कि मासूम बेटी को गाली कौन बर्दाश्त कर सकता है।
प्रेस कांफ्रेंस में एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि 13 नवंबर को लल्लन घर से गायब हो गया था। 15 नवंबर को उसकी लाश मिली थी। इस मामले में लल्लन की कथित पत्नी ने अपने पूर्व पति समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करायी थी। पुलिस की शुरुआती जांच में ही नामजद आरोपियों की वारदात में कोई भूमिका सामने नहीं आई थी। पुलिस ने जब मामले की जांच की तो पता चला कि लल्लन पहले दिल्ली में काम करता था। वह एक महिला को उसके तीन बच्चों के साथ लेकर आया था जो उसकी पत्नी बनकर रह रही थी। लल्लन के पास एक मोबाइल था जो उसने सुमित के पास गिरवी रखा था। पुलिस पूछताछ में सुमित पुत्र मुंशीलाल ने पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
500 रुपये देकर लिया फोन
पुलिस गिरफ्त में आए सुमित ने बताया कि करवा चौथ से एक दिन पहले लल्लन ने अपना स्मार्टफोन उसके पास 500 रुपये में गिरवी रखा था। लल्लन को पैसों की जरूरत थी। उसने 500 रुपये दे दिए थे। उस वक्त लल्लन ने फोन वापस लेने पर 600 रुपये देने का वादा किया था। 13 नवंबर को लल्लन सुमित से मोबाइल वापस लेने के लिए निकला था। उसने परिजनों को भी इसकी जानकारी दी थी। सुमित के मुताबिक, उसने लल्लन को मोबाइल वापस दे दिया लेकिन उसने 500 रुपये ही दिए। इस पर उसने 100 रुपए और मांगे। इस पर शराब के नशे में धुत लल्लन ने उसे गालियां देना शुरू कर दिया। उसने साढ़े तीन साल की बेटी को भी गाली दी तो वह उसे जंगल में बहाने से ले गया और गुस्से में पेंचकस से शरीर पर कई जगह वार कर उसकी हत्या कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी लल्लन के शरीर में छोटा पेंचकस निकला था। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह, उप निरीक्षक दलीप कुमार, उप निरीक्षक दिनेश चंद्र, कांस्टेबल अर्जुन और शुभम शामिल हैं।
