सुलतानपुर: रास्ते के विवाद में खूब चले पत्थर और लाठी-डंडे, 12 लोग घायल...केस दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मोतिगरपुर/सुलतानपुर, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के डींगुरपुर बनकेगांव की दलित बस्ती में सोमवार को दो पक्षों में रास्ते के विवाद को लेकर जमकर लाठी-डंडे चले। पूर्व प्रधान सहित दोनों पक्षों से दर्जन भर लोगों को गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतिगरपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सभी का उपचार किया।

मालूम हो कि गांव निवासी कमलेश और छोटेलाल के बीच रास्ते को लेकर विवाद था। सोमवार सुबह दोनों पक्षों में उसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते दो पक्षों की महिलाओं और पुरुषों में जमकर लाठी-डंडे व ईंट-पत्थर चलने लगे। मारपीट में एक पक्ष के छोटेलाल (56 वर्ष), उनके भाई मोतीलाल (60 वर्ष), बेटे राजेश कुमार (25 वर्ष), सूर्यमणि (21 वर्ष), बेटी बबीता (18 वर्ष) और डाली (15 वर्ष) को काफी चोटें आईं, वहीं दूसरी पक्ष के कमलेश कुमार (43 वर्ष), उनके बेटे अंश (11 वर्ष), मां लखपति के अलावा पूर्व प्रधान राम लौट (38 वर्ष) और उनकी मां सुशीला (55 वर्ष) व लखपती देवी (70 वर्ष) को भी गंभीर चोटें आईं। 

सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतिगरपुर पहुंचाया, जहां पर दोनों पक्षों के घायलों का इलाज किया गया। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि सभी घायलों का मेडिकल कराया गया है। दोनों पक्षों की तरफ से शिकायत मिली है। केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- Sultanpur News : वारंट के बाद भी कोर्ट में हाजिर नहीं हुए पूर्व विधायक 

संबंधित समाचार