Bareilly: मांझा मिलने के बाद उठाए 7 कारीगर, छापेमारी से मची खलबली, कई लोगों ने शहर छोड़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार : बाकरगंज में मांझा फैक्ट्री में विस्फोट में तीन लोगों की मौत के बाद विस्फोटकों की तलाश और मांझे में उनका इस्तेमाल करने वालों पर सख्ती का अभियान जारी है। सोमवार को किला पुलिस की दो टीमों ने बाकरगंज और स्वालेनगर में मारे गए छापों में मांझा की बरामदगी के बाद सात कारोबारियों और कारीगरों को हिरासत में ले लिया। हालांकि बाद में नोटिस देकर छोड़ दिया।

बाकरगंज खड्ड के पास मांझा कारोबारी अतीक रजा खां के घर में सात फरवरी को पर चढ़ाने के लिए विस्फोटक पदार्थों का लेप तैयार करते समय विस्फोट हो गया था। इसमें अतीक रजा और उनके कारीगर फैजान और सरताज की मौत हो गई थी। इस हादसे की जांच के लिए एसएसपी ने छह सदस्यीय टीम का गठन किया था। इसके साथ मांझे में विस्फोटक पदार्थों का इस्तेमाल करने वालों पर भी सख्ती शुरू हो गई है। इसके लिए घर-घर छापे मारकर तलाशी ली जा रही है।

इंस्पेक्टर किला राजेश कुमार ने बताया कि सोमवार को किला पुलिस की दोनों टीमों ने स्वालेनगर और बाकरगंज में कई मांझा कारीगरों के घर दबिश दी। घरों से मांझा बरामद हुआ तो सात लोगों को हिरासत में ले लिया गया। कुछ देर थाने में रखने के बाद उन्हें नोटिस देकर छोड़ दिया गया।
ठिकानों से माल हटाया

खुद भी शहर छोड़ा
पुलिस के मुताबिक छापे शुरू होने के बाद ज्यादातर मांझा कारोबारियों ने अपने गोदामों से माल हटाकर रातोंरात इधर-उधर भेज दिया है। तमाम कारोबारी खुद भी शहर छोड़ गए हैं। अब पुलिस शहर छोड़ने वाले कारोबारियों के मोबाइल नंबर इकट्ठे कर रही है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि जो लोग शहर से बाहर गए हैं, सर्विलांस के जरिए पता लगाकर उन्हें उठाया जाएगा। पुलिस की ओर से सख्त हिदायत की है कि कोई भी अवैध रूप से मांझे का निर्माण न करें और उसमें गंधक-पोटाश का किसी हालत में प्रयोग न करें।

यह भी पढ़ें- Bareilly: सियार के हमले से दहशत, 12 लोगों को बनाया निशाना, किसी का हाथ तो किसी काटा मुंह

संबंधित समाचार