लखीमपुर खीरी: बाइक सवार दो युवकों ने छात्रा के साथ की अश्लील हरकत, तलाश में जुटी पुलिस
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: पुलिस की लापरवाही से राह चलते महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। थाना व कस्बा भीरा में अपनी चचेरी छोटी बहन के साथ घर जा रही इंटर की एक छात्रा को बाइक सवार दो युवकों ने सरेराह रोक लिया और छात्रा के साथ अश्लील हरकत कीं। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना मैलानी क्षेत्र की एक 17 वर्षीय किशोरी थाना व कस्बा भीरा स्थित एक कॉलेज में कक्षा 12 की छात्रा है। वह कस्बे में ही किराए पर कमरा लेकर पढ़ाई कर रही है। घटना सोमवार शाम की है। वह अपनी छोटी चचेरी बहन के साथ भीरा बाजार से अपने कमरे पर जा रही थी। शाम करीब 7.00 बजे जिला सहकारी बैंक शाखा के पास एक बाइक पर सवार होकर दो युवक आए। उन्होंने उसके पास में ही आकर बाइक रोक दी।
बाइक पर आशिफ पुत्र अब्दुल रहमान व लल्लू यादव सवार थे, तभी आशिफ ने उसे पकड़ लिया और अश्लील हरकत करने लगा। उसने अपनी छोटी बहन के साथ शोर मचाया। इससे आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों को एकत्र होते देख दोनों युवक बाइक समेत मौके से भाग निकले।
घटना के बाद से छात्रा काफी भयभीत है। सूचना पर परिवार के लोग छात्रा को लेकर थाना भीरा पहुंचे और पूरी घटना बताते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक पुष्प राज कुशवाहा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: शक के चलते कर दी साजिदा की हत्या, पति बोला- आए दिन होता था झगड़ा, इसलिए मार डाला
