बदायूं: सड़क हादसों में गंगा स्नान कर लौट रहे दो श्रद्धालुओं की मौत, पांच घायल
बदायूं, अमृत विचार। जिले में बुधवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सड़क हादसा हुआ है, जिसमें गंगा स्नान कर लौट रहे बरेली के श्रद्धालु समेत दो की मौत हो गई, जबकि पांच श्रद्धालु घायल हो गए। एक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। वहीं, पुलिस ने एक श्रद्धालु के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
जिला बरेली के थाना भोजीपुरा क्षेत्र के गांव भूड़ निवासी रामप्रकाश (33) ने माघ पूर्णिमा पर कछला स्थित भागीरथी घाट पर गंगा स्नान करने के लिए मंगलवार को ऑटो बुक किया था। वह पुरुषोत्तम और श्वेता के साथ गंगा स्नान करने आए थे। रात में गंगा स्नान करने के बाद वह तड़के ऑटो से वापस बरेली लौट रहे थे। बरेली-मथुरा राजमार्ग पर छतुइया रेलवे क्रासिंग के पास एक ट्रक सामने से आ गया, जिसके चलते ऑटो अनियंत्रित हो गया और पलट गया। हादसे में रामप्रकाश, पुरुषोत्तम और श्वेता गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। तीनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने रामप्रकाश को मृत घोषित कर दिया जबकि घायलों को बरेली रेफर कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों के अनुसार किसी वाहन से हुई टक्कर के चलते ऑटो पलटा था। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की है। आगे की जांच की जा रही है।
दूसरा हादसा
दूसरा हादसा मुजरिया थाना क्षेत्र में गांव बसावनपुर के पास हुआ। बुधवार सुबह लगभग नौ बजे सहसवान-उझानी मार्ग पर सीएनजी भराने के लिए मुड़ने पर ऑटो डिवाइडर पर चढ़ गया और पलट गया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि कोतवाली बिल्सी क्षेत्र के गांव बीबीपुर निवासी कल्लू शर्मा पुत्र ज्ञान चंद्र शर्मा, उनकी बेटी शिवानी और ऑटो चालक सहसवान कोतवाली क्षेत्र के कस्बा के मोहल्ला शहबाजपुर निवासी इकरार पुत्र इसरार घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखा है। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
यह भी पढ़ें : रामपुर : शराब पीकर विद्यालय आने पर बीएसए ने सहायक अध्यापक को किया निलंबित
