मुरादाबाद: महिला की हत्या कर शव गड्ढे में फेंका, तीन महिला समेत पांच पर मुकदमा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। कटघर थाना क्षेत्र में महिला की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक के किनारे गड्ढे में फेंक दिया गया। महिला गुरुवार की शाम बच्चों को तलाशने की बात कहकर घर से निकली थी लेकिन इसके बाद से गायब हो गई। देर रात जब उसका शव गड्ढे में पड़ा मिला तो परिजनों को सूचना …

मुरादाबाद, अमृत विचार। कटघर थाना क्षेत्र में महिला की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक के किनारे गड्ढे में फेंक दिया गया। महिला गुरुवार की शाम बच्चों को तलाशने की बात कहकर घर से निकली थी लेकिन इसके बाद से गायब हो गई। देर रात जब उसका शव गड्ढे में पड़ा मिला तो परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पीएम को भेज दिया।

पीएम में गला घोंटकर हत्या की बात सामने आने पर उसके बेटे ने अपने रिश्तेदारों पर हत्या करने का आरोप लगाना शुरू कर दिया। उसका कहना था कि जमीनी और आपसी विवाद में महिला की हत्या की गई है। बेटे की तहरीर के आधार पर कटघर थाने में महिला के देवर व तीन महिलाओं समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

मर्डर की वारदात कटघर थाना क्षेत्र के गांव बरवाला मझरा की है। गांव निवासी इशरत हुसैन प्लाटिंग का काम करता है। परिवार में उसकी पत्नी हसीना(55वर्ष) और दस बच्चे हैं। हसीना के बेटे इरशाद के अनुसार गुरुवार की शाम उसकी मां छोटे भाई गुड्डू को तलाशने के लिए घर से निकली थी। इसके बाद से गायब हो गई। देर शाम तक जब हसीना घर नहीं पहुंची तो परिजनों को चिंता हुई। आनन-फानन में परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। परिजनों के अनुसार काफी तलाश करने के बाद भी हसीना का सुराग नहीं लगा।

गुरुवार की देर रात किसी ने बताया कि हसीना का शव घर से करीब आधा किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक के पास एक गड्ढे में पड़ा है। जिस पर परिजन मौके पर पहुंच गए। कुछ देर में पुलिस भी पहुंच गई। इसके बाद परिजन कुछ परिवारिक लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। बेटे इरशाद का कहना था कि परिवार के लोग जमीन को लेकर रंजिश रखते हैं। जिस कारण पहले भी आपस में मारपीट हो चुकी है। यही वजह रही कि परिवार की महिलाएं भी उससे रंजिश रखती थी। हंगामा बढ़ने पर फारेंसिक टीम भी बुला ली गई। बाद में शव पीएम को भेजा गया। तीन डाक्टरों के पैनल ने पीएम किया।

पुलिस के अनुसार हसीना के शरीर में चोट के निशान नहीं हैं लेकिन पीएम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत होने की बात सामने आई है। इस रिपोर्ट के बाद बेटे ने चाचा मोहम्मद नवी, देवरानी आसमा, ताऊ के बेटे रिफाकत, उसकी पत्नी मुश्तर और शाईना के खिलाफ कटघर थाने में हत्या की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। हसीना की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।

गजेंद्र सिंह, थाना प्रभारी कटघर
पीएम में हत्या की पुष्टि हुई है। पूछताछ में मालूम हुआ कि जमीन को लेकर परिवारिक लोगों से विवाद चल रहा है। परिजन जेवर गायब होने का भी आरोप लगा रहे हैं। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

संबंधित समाचार