Kanpur: सहायक डाकपाल से मारपीट व रिवाल्वर लहराना पड़ा भारी, डीएम ने निरस्त किया असलहा लाइसेंस
कानपुर, अमृत विचार। सहायक डाकपाल से मारपीट व रिवाल्वर लहराना भारी पड़ी। आशुतोष पाठक का असलहा लाइसेंस जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने निरस्त कर दिया। असलहा लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर पीड़ित सहायक डाकपाल की दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर चकेरी पुलिस ने निरस्तीकरण की आख्या भेजी थी। उसी आधार पर जिलाधिकारी ने निर्णय सुनाया।
मूलरूप से बलिया के बासडीह तहसील के खरौनी ग्राम निवासी सैनिक विहार सनिगवां के विशाल कुमार गुप्ता सहायक डाकपाल हैं। जुलाई 2022 में वह सरकारी काम से जा रहे थे। तभी चकेरी के सनिगवां भाभानगर निवासी आशुतोष पाठक ने सरकारी काम में बाधा डालने के साथ मारपीट की। रिवाल्वर लहराकर धमकी दी और दौड़ा लिया। पीड़ित ने घटना की रिपोर्ट चकेरी थाने में दर्ज कराई गई थी।
मामले में चकेरी पुलिस ने रिवाल्वर का लाइसेंस निरस्त करने की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी थी। पहले नोटिस जारी कर दोनों पक्षों को बुलाकर सुनवाई की गई। आरोपी पर कई मुकदमे भी दर्ज हैं, यह बात जांच में सामने आई। इस पर जिलाधिकारी ने रिवाल्वर का लाइसेंस निरस्त कर शस्त्र जमा कराने के आदेश दिए हैं। संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध व मुख्यालय को कार्रवाई के लिए आदेश दिए गए हैं। चकेरी थाना प्रभारी ने बताया कि आख्या के आधार पर लाइसेंस निरस्त किया गया है।
