साइबर सेल ने राजस्थान से दबोचे साइबर ठगी के दो सरगना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार: विदेशी मार्केटिंग कंपनी का प्रतिनिधि बनकर 90 लाख की ठगी करने वाले दो ग्रेजुएट साइबर सरगना को एसटीएफ की साइबर सेल ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से मोबाइल सहित कई आधुनिक उपकरण भी बरामद हुए हैं। साइबर सेल ने आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।


एसटीएफ एसएसपी नवनीत भुल्लर ने बताया कि सितंबर 2024 में हल्द्वानी जनपद नैनीताल के रहने वाले एक सरिया-सीमेंट कारोबारी ने मुकदमा दर्ज करते हुए बताया कि अगस्त-सितंबर के मध्य फेसबुक पर एक विज्ञापन प्रकाशित हुआ। जिसमें एम स्टॉक के माध्यम से निवेश करने का प्रचार देखा। जब दिए गए लिंक पर क्लिक किया तो नंबर कई व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ गया और तभी दो कॉलर युवकों की कॉल आयी जो खुद को एम स्टॉक विदेशी शेयर मार्केटिंग कंपनी का प्रतिनिधि बताते हैं और ऑनलाइन ट्रेडिंग कर कम निवेश पर मोटा मुनाफा देने का प्रलोभन देते हैं।


इसके बाद उसने पहले कम धनराशि निवेश की और धीरे-धीरे उसके खाते से लगभग 90 लाख रुपये का निवेश करवा दिया। निवेश के बाद जब मोटा मुनाफा खाते में वापस मांगा तो कॉलर द्वारा टालमटोल के बाद मोबाइल बंद कर दिया। साइबर ठगी की तफ्तीश एसटीएफ कुमाऊं की साइबर क्राइम थाना पुलिस को मिली। जिसकी तफ्तीश के दौरान पता चला कि 90 लाख की ठगी को अंजाम देने वाले कटकड खेड़ा सदर डिडोन सिटी प्रताप नगर जयपुर राजस्थान निवासी संतोष कुमार मीणा और घटियॉन कटकड जयपुर राजस्थान निवासी नीरज कुमार मीणा की मास्टरमाइंड है।


सुरागरसी के बाद साइबर सेल की टीम ने जयपुर राजस्थान में दबिश देकर दोनों साइबर अपराधियों को दबोच लिया। जिनके कब्जे से पांच मोबाइल नो सिम, चार चेक बुक, दो डेबिट कार्ड, एक पासबुक, दो आधार कार्ड, एक पैनकार्ड भी बरामद हुआ है। साइबर सेल ने आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।

संबंधित समाचार