बाराबंकी: सऊदी भेजने के नाम पर दो लोगों से लाखों की ठगी, पैसे मांगे वापस तो दी जान से मारने की धमकी
बाराबंकी, अमृत विचार। सतरिख थाना क्षेत्र में सऊदी अरब भेजने के नाम पर दो लोगों से लाखों रुपये ऐंठ लिए गए। पीड़ितों ने रुपये वापस मांगे तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
थाना क्षेत्र के ग्राम सरांय बुधेड़ी में रहने वाले नसीम अली ने राजू निवासी ग्राम उझिहापुर, थाना बड्डूपुर और जुम्मन निवासी ग्राम फ़क़ीरशाह पुरवा, थाना देवा के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा है कि इन लोगों ने उसे सऊदी अरब में नौकरी दिलाने के नाम पर एक लाख बीस हजार रुपये नकद लिए, जिसमें वीज़ा, टिकट और अन्य खर्च शामिल होने की बात कही गई थी। पीड़ित ने यह राशि मजदूरी व उधारी लेकर जुटाई और 28 जनवरी को इन लोगों को सौंप दी। इस दौरान उसने भुगतान का वीडियो भी रिकॉर्ड किया।
उसका मेडिकल 25 जनवरी को करवाया गया और कहा कि 9 फरवरी को फ्लाइट की टिकट मिलेगी। परंतु, 8 फरवरी बीतने के बाद भी न तो टिकट दी गई, न ही वीजा। जब नसीम अली ने उनसे संपर्क किया, तो उन्होंने फोन ब्लैकलिस्ट में डालकर बंद कर लिया। पीड़ित का आरोप है कि जब वह अपना पैसा मांगने गया, तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
एक अन्य मामले में पीड़ित राजेश कुमार निवासी फतेहाबाद, सतरिख रोड ने आरोप लगाया है कि नफीस नामक व्यक्ति ने उसे सऊदी भेजने का वादा कर पैसे लिए थे, लेकिन बाद में दुबई भेज दिया। दुबई में पीड़ित को प्रताड़ित किया गया और कई दिनों तक भूखा-प्यासा रखकर काम कराया गया। जब उसकी पत्नी ने आरोपी से संपर्क किया, तो उसे भारत बुला लिया गया, लेकिन सऊदी भेजने का झूठ बोला गया। राजेश का आरोप है कि जब उसने 20 जनवरी को अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी।
ये भी पढ़ें- बाराबंकी: अपहरण-मारपीट केस में चार को छह वर्ष कारावास की सजा
