लखीमपुर खीरी: तेज रफ्तार डीसीएम ने ट्रैक्टर को मारी टक्कर, 2 युवकों की मौत, 1 घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: पीलीभीत बस्ती हाईवे पर शुक्रवार को थाना खमरिया क्षेत्र में रेहुआ पुलिस पिकेट के पास डीसीएम और ट्रैक्टर ट्राली में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर सवार दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

हादसा गुरुवार की रात हुआ। थाना खमरिया क्षेत्र के गांव रेहुआ निवासी लालजी पुत्र जमाली गन्ना भरी ट्रैक्टर-ट्राली लेकर गोविंग शुगर मिल जा रहा था। ट्रैक्टर पर गांव के ही संजय कश्यप पुत्र मेवालाल और धीरू पुत्र दीपू भी सवार थे। रेहुआ पुलिस पिकेट के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज हुई कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। 

हादसे में ट्रैक्टर चला रहा लालजी (35) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संजय और धीरू गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को आनन-फानन में एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। जहां इलाज के दौरान संजय (30) की  भी मौत हो गई। वहीं धीरू  की हालत गंभीर है। उसका उपचार चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक विवेक उपाध्याय ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अभी कोई तहरीर  नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। दोनों वाहन पुलिस के कब्जे में हैं।

दो मौतों से गांव में पसरा मातमी सन्नाटा 
रेहुआ पुलिस पिकेट के निकट हादसे में दो युवकों की मौत की खबर जब गांव पहुंची तो दोनों के परिवार में चीख पुकार मच गई। जिसने सुना वही मौके की तरफ दौड़ पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे परिजन लालजी का शव देखकर विलख पड़े। दो मौतों से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीण और आसपास की महिलाएं बिलख रहीं महिलाओं को ढांढस बंधाते रहे। 

यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: चाइनीज मांझे से स्कूटी सवार युवक का कटा गला, घायल 

संबंधित समाचार