Valentine Day पर एकतरफा प्यार में पागल प्रेमी ने युवती पर फेंका तेजाब, कई बार चाकू से किया हमला
कडप्पा (आंध्र प्रदेश)। आंध्र प्रदेश में अन्नामय्या जिले के गुर्रमकोंडा मंडल के पेरमपल्ली गांव में शुक्रवार को एकतरफा प्यार में पागल प्रेमी ने उसका प्रस्ताव ठुकराने वाली युवती पर शुक्रवार को तेजाब फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी गणेश पिछले कुछ महीनों से 23 वर्षीय गौतमी को लगातार प्रणय प्रस्ताव दे रहा था ,जिसे युवती ने ठुकरा दिया था।
लड़की के माता-पिता ने उसकी शादी 29 अप्रैल को तय कर दी थी। इस बात से गुस्साए आरोपी गणेश ने उस समय पीड़िता के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया, जब वह सड़क पर अकेली जा रही थी और बाद में उस पर चाकू से वार कर दिया। उसे तुरंत मदनपल्ले के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत गंभीर होने पर उसे बेंगलुरु के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस बीच मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अन्नामैया जिले के अधिकारियों को घायल महिला को सर्वोत्तम चिकित्सा उपचार प्रदान करने का निर्देश दिया।
उन्होंने पीड़िता के माता-पिता को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। आईटी मंत्री नारा लोकेश ने एसिड अटैक पीड़िता के माता-पिता से बात की और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया। परिवहन मंत्री एम राम प्रसाद और जिला पुलिस अधीक्षक विद्यासागर नायडू ने मदनपल्ले जीएच में एसिड पीड़िता से मुलाकात की।
मंत्री ने कहा कि घटना के कुछ ही मिनटों के भीतर आरोपी गणेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूर्व मुख्यमंत्री और वाईएसआरसीपी अध्यक्ष वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने अन्नामय्या जिले में युवती पर एसिड अटैक की कड़ी निंदा की। उन्होंने सरकार से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने अधिकारियों से पीड़िता के लिए सर्वोत्तम चिकित्सा उपचार सुनिश्चित करने का आग्रह किया और सरकार से उसके परिवार को पूर्ण सहायता प्रदान करने का आह्वान किया। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सरकार की विफलता की आलोचना करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं सरकार की लापरवाही के कारण हो रही हैं। रेड्डी ने मांग की कि सरकार राज्य में महिलाओं की सुरक्षा में सुधार के लिए तत्काल कदम उठाए।
ये भी पढ़ें- Valentine Day पर सजा इजहार-ए-मोहब्बत का बाजार
