लखीमपुर खीरी : टॉफी के बहाने बहला फुसला ले जाई गई आठ साल की बच्ची बरामद, आरोपी दबोचा
पुलिस को 12 घंटे बाद एक ढाबे पर मिली लापता हुई बच्ची
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना फरधान क्षेत्र की एक आठ साल की बच्ची को गुरुवार की दोपहर पड़ोस का ही एक युवक टॉफी दिलाने के बहाने से उसे बहला फुसलाकर ले गया। जब बच्ची काफी देर तक घर नहीं पहुंची तो परिवार वालों ने पुलिस को सूचना देकर उसकी तलाश शुरू कर दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ सिटी ने गठित की गई टीमों के साथ बच्ची की तलाश में जुट गए। पुलिस ने बच्ची को एक ढाबे से सकुशल बरामद कर आरोपी को भी दबोच लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक दिमागी रूप से कमजोर है। पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
थाना फरधान क्षेत्र के गांव नक़हापिपरी निवासी मनोज कुमार की आठ वर्षीय बच्ची गुरुवार की दोपहर अपने घर के बाहर खेल रही थी। तभी पड़ोसी नीरज शर्मा बच्ची को टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ लेकर चला गया। कुछ देर बाद जब परिजन ने बच्ची को नहीं देखा तो उसकी तलाश शुरू की। देर शाम करीब आठ बजे तक बच्ची का कहीं पता नहीं चला। तलाश के दौरान परिजनों को पता चला कि नीरज भी घर पर नहीं है। परेशान पिता ने घटना की सूचना थाना फरधान पुलिस को दी। पुलिस ने जब छानबीन की तो पता चला कि आरोपी नीरज शर्मा बच्ची को अपने साथ लेकर गया है। बच्ची के गायब होने की सूचना पर सीओ सिटी रमेश कुमार तिवारी भी गांव पहुंचे। उन्होंने परिवार वालों और ग्रामीणों से जानकारी ली। गायब बच्ची की तलाश में चार टीमें गठित कर खुद भी उसकी तलाश में जुट गए। रात भर कई जगहों पर पुलिस ने बच्ची की तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
सीओ सिटी ने बताया कि शुक्रवार सुबह थाना फूलबेहड़ क्षेत्र में अंदेश नगर फॉर्म के पास स्थित एक ढाबे पर बच्ची मिल गई। वहीं पर आरोपी नीरज शर्मा भी मिला, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सीओ सिटी ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि युवक मानसिक रूप से कमजोर है। वह बच्ची को क्यों लेकर गया। वह यह भी नहीं बता पा रहा है। बच्ची सकुशल है। उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। बच्ची को परिजनों की बिना जानकारी अलग अलग रखने के आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें - लखीमपुर खीरी: मछली व्यापारी से मारपीट कर लूटी नकदी, रिपोर्ट दर्ज
