Prayagraj News : दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग वाली याचिका पर 18 फरवरी को होगी सुनवाई
Amrit Vichar, Prayagraj : इलाहाबाद हाईकोर्ट में अधिवक्ताओं पर हमला करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग वाली जनहित याचिका पर शुक्रवार को हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट के आदेश के अनुपालन में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, इलाहाबाद की ओर से उपस्थित वरिष्ठ अधिवक्ता व अध्यक्ष अनिल तिवारी ने पूरक हलफनामा दाखिल किया। उक्त हलफनामे के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा किए गए अत्याचारों को उजागर करने वाली एक पेन ड्राइव भी दाखिल की है, जिसे रिकॉर्ड में ले लिया गया है।
कोर्ट के आदेशानुसार मंडलायुक्त, मेला अधिकारी, पुलिस आयुक्त, जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस उपायुक्त (यातायात) प्रयागराज के व्यक्तिगत हलफनामे भी दाखिल किए गए हैं, उन्हें भी रिकॉर्ड में ले लिया गया है। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने पुलिसकर्मियों की उत्पीड़नात्मक कार्यशैली को उजागर करने के लिए कोर्ट से दो दिन का अतिरिक्त समय देने की प्रार्थना की है, जिससे वे पीड़ितों के व्यक्तिगत हलफनामे भी दाखिल कर सकें। राज्य की ओर से भी अधिवक्ता ने पूरक हलफनामे पर जवाब दाखिल करने के लिए दो दिन का समय मांगा। अंत में कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई आगामी 18 फरवरी 2025 को सुनिश्चित कर दी। मालूम हो कि 4 फरवरी 2025 को कार्य दिवस होने के कारण सभी अधिवक्ता और अन्य कर्मचारी हाईकोर्ट जाने के लिए उन रास्तों की ओर गए, जहां वीवीआईपी फ्लीट के कारण रास्ता बंद था।
हिंदू हॉस्टल चौराहे पर पुलिस कर्मियों ने अधिवक्ताओं को रोका। ड्रेस कोड और परिचय पत्र दिखाने पर भी पुलिस कर्मियों ने अधिवक्ताओं को नहीं जाने दिया। धीरे-धीरे वहां अधिक संख्या में अधिवक्ता एकत्र हो गए और प्रशासन का विरोध करने लगे, जिस पर पुलिस कर्मियों द्वारा अधिवक्ताओं के साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। इसके अलावा कर्वी निवासी धीरेंद्र सिंह के साथ चौकी प्रभारी नाका, थाना कर्नलगंज के उप निरीक्षक अतुल कुमार सिंह ने मारपीट करते हुए उनके कपड़े और फाइलें भी फाड़ दी। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने पत्र याचिका के माध्यम से मुख्य न्यायाधीश को इस संबंध में सूचना दी।
यह भी पढ़ें- Lucknow News : गायत्री प्रजापति के पुत्र की चल संपत्ति ईडी ने की कुर्क
