संभल : हिंसा में शामिल 74 उपद्रवियों के शहर में लगाए बड़े पोस्टर, एसपी बोले-चेहरों को पहचान कर पुलिस को दें सूचना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल में जामा मस्जिद पर लगाये गये उपद्रवियों के पोस्टर को देखते एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई व एएसपी श्रीश्चंद्र।

संभल, अमृत विचार। संभल में 24 नवंबर को जामा मस्जिद में सर्वे के दौरान हुई हिंसा में शामिल आरोपियों की धरपकड़ के बीच शुक्रवार को पुलिस ने पथराव व फायरिंग की घटना में शामिल 74 आरोपियों के पोस्टर जारी कर शहर में लगा दिये हैं। सीसीटीवी फुटेज से निकाले गये फोटो के बड़े फ्लैक्स बनवाकर हिंसा वाले जामा मस्जिद क्षेत्र सहित शहर में आधा दर्जन जगहों पर लगाये गये हैं। लोगों से कहा गया है कि वह पोस्टर में नजर आ रहे चेहरों को पहचान कर पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले को इनाम देने की बात भी कही गई है।

संभल में 24 नवंबर को जामा मस्जिद में सर्वे के दौरान हुई हिंसा में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए अब पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। सीसीटीवी में कैद हुए बवालियों की पहचान कर पुलिस ने अब तक 76 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अभी बहुत सारे चेहरों की पहचान का काम बाकी है। इसी के चलते पुलिस ने बवालियों के पोस्टर शहर में लगाने का काम शुरु किया है। गुरुवार को एक आरोपी के छोटे पोस्टर शहर में कुछ जगहों पर लगाये गये थे।

शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद उपद्रवियों के फोटो वाले बड़े फ्लैक्स लगाने का काम शुरु किया गया। सबसे पहले जामा मस्जिद की दीवार पर उस जगह 74 उपद्रवियों के फोटो वाले फ्लैक्स पोस्टर लगाये गये जहां 24 नवंबर को हिंसा और आगजनी हुई थी। पोस्टर लगाने की कार्रवाई के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक श्रीश्चंद्र मौजूद रहे जबकि पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शहर मेें हर उस जगह पर पोस्टर लगाये जायें जहां ज्यादा से ज्यादा लोगों की नजर इन पोस्टर पर पड़े। वहीं दीवार पर बवाल में शामिल लोगों के पोस्टर लगाये गये तो लोग रुककर पोस्टर में नजर आ रहे चेहरों को पहचानने का प्रयास करते नजर आये।

चेहरों को पहचान कर पुलिस को दें सूचना : एसपी
पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि 74 उपद्रवियों के फोटो वाले पोस्टर शहर में लगाये गये हैं। लोगों से कहा गया है कि वह पोस्टर में नजर आ रहे उपद्रवियों को पहचान कर उनके बारे में पुलिस को बतायें। जो व्यक्ति सूचना देगा उसका नाम गोपनीय रखा जायेगा। वहीं सूचना देने वाले को इनाम भी दिया जायेगा। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस साक्ष्य के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का काम कर रही है। जो लोग हिंसा में शामिल थे उन पर हर हाल में कार्रवाई होगी।

पुलिस ने संभल हिंसा का एक और आरोपी किया गिरफ्तार
नखासा थाना पुलिस ने संभल हिंसा के एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी का चालान किया। पुलिस के मुताबिक थाना क्षेत्र के मोहल्ला हिंदूपुरा खेड़ा निवासी नाजिर 24 नवंबर को जामा मस्जिद सर्वे के विरोध में संभल हिंसा में शामिल हुआ था। नाजिर की पहचान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से की। शुक्रवार को सूचना मिलने पर पुलिस संभल हसनपुर मार्ग पर हिलाल पेट्रोलपंप के पास पहुंची और यहां खड़े नाजिर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में नाजिर ने भी दो दिन पहले गिरफ्तार कर जेल भेजे गए मोहल्ला दीपा सराय निवासी अमन उर्फ रेहटा उर्फ अमान की तरह पुलिस को बताया।

कहा कि वह जामा मस्जिद के पास सर्वे के विरोध में बवाल की जानकारी होने पर अंजुमन चौराहे पर पहुंचा। मोहल्ला दीपासराय निवासी शहबाज उर्फ टिल्लन व मोहल्ला हिंदूपुरा खेड़ा निवासी सुबहान उर्फ मुन्ना ने अपने धर्म की बात कहते हुए यहां खड़े सभी लोगों से डटकर मुकाबला करने की बात कही थी। जिसके बाद नाजिर, अमन, शहबाज व सुबहान और अन्य भीड़ के साथ हिंदूपुरा खेड़ा व नखासा तिराहे पर पहुंचे। बताया कि यहां पहुंचते ही पुलिसवालों को जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग व पत्थरबाजी करते हुए उनके वाहनों में आग लगा दी थी। कानूनी कार्रवाई कर पुलिस ने नाजिर का चालान कर दिया।

ये भी पढ़ें : संभल: जामा मस्जिद कमेटी ने किया पोस्टर लगाने का विरोध, हुई नोकझोंक

संबंधित समाचार