इटावा में केशव प्रसाद मौर्य बोले- अखिलेश यादव को भाजपा फोबिया हुआ...सपा सरकार में गुंडे थानों का संचालन करते, पूरा प्रदेश सैफई से चलता

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

इटावा, अमृत विचार। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को भाजपा के नाम का फोबिया हुआ है। वे 2027 में सत्ता में आने के सपने देख रहे हैं लेकिन सच्चाई यह है कि वे 2047 तक सत्ता में आने वाले नहीं हैं। भारतीय जनता पार्टी को ही जनता का आशीर्वाद मिलता रहेगा। मुलायम सिंह यादव की सल्तनत का कोई वारिस अब सत्तासीन नहीं हो सकता।

शनिवार को यहां पूर्व सांसद व पूर्व विधायक रघुराज सिंह शाक्य की भतीजी के शादी समारोह में शामिल होने के बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पत्रकारों से बातचीत की। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद माैर्य ने बताया कि अखिलेश यादव तो क्या समाजवादी पार्टी का कोई भी नेता अब उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री नहीं बन पाएगा। 

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में गुंडे थानों का संचालन करते थे और पूरा प्रदेश सैफई से चलता था, लेकिन अब भाजपा की सरकार में थानेदार ही थानों का संचालन करते हैं और जिलों में पुलिस की कमान पुलिस अधीक्षक के पास रहती है। सपा के लोग सत्ता की मलाई खा चुके हैं अब उन्हें सत्ता की मलाई मिलने वाली नहीं है। सपा की सरकार ही अब बनने वाली नहीं है।

महाकुंभ की चर्चा करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि महाकुंभ की सफलता की कहानी पूरी दुनिया देख रही है। यदि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को कुंभ की यह सफलता नहीं दिखी तो फिर उन्हें दृष्टिदोष है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि सपा नेता कुंभ में किसी अनहोनी की उम्मीद लगाए हुए थे लेकिन जनता के सहयोग से सभी कुछ बेहतर तरीके से चल रहा है। कुंभ में श्रद्धालुओं का सैलाब उम्र बढ़ रहा है। 

विपक्ष के नेता कुंभ में वीआईपी स्नान करने के बाद कुंभ को लेकर रोजाना ही जहरीला बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इस महाकुंभ को करने के बाद 2031 में होने वाले अर्ध कुंभ की तैयारी भी शुरू कर चुकी है। उन्होंने कहा कि कुंभ से उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में तीन लाख करोड़ का उछाल आया है यह अर्थशास्त्रियों का मानना है। महाकुंभ में करोडों लोग डुबकी लगा रहे हैं और व्यवस्थाओं की प्रशंसा कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- केडीए बोर्ड बैठक: चकेरी के उचटी में टाउनशिप को मंजूरी, 550 बीघे में विकसित होगी आवासीय योजना

संबंधित समाचार