चित्रकूट में राजकीय बाल संप्रेक्षण गृह से बाल अपचारी फरार: सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में, इस प्रकार की भी हो रही चर्चा...
मंडल की टीमें पता लगाने में जुटीं
चित्रकूट, अमृत विचार। राजकीय बाल संप्रेक्षण गृह से एक बाल अपचारी भाग निकला। इससे हड़कंप मच गया। मंडल की चार जिलों की टीमें उसका पता लगाने में जुटी हैं। जानकारी के मुताबिक, शास्त्रीनगर स्थित राजकीय बाल संप्रेक्षण गृह से शनिवार की सुबह एक बाल अपचारी छत पर लगी जाली को काटकर भागने में कामयाब हो गया। जब इसकी जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। अधीक्षक वीर सिंह ने इस संबंध में कोई भी जानकारी देने के इंकार कर दिया। हालांकि जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज कुमार मिश्रा ने इसकी पुष्टि की।
उन्होंने बताया कि बाल अपचारी की खोज में चित्रकूट के अलावा बांदा, महोबा और हमीरपुर की टीमें भी लगी हैं। आशा जताई कि इसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बाल अपचारी हमीरपुर जिले का निवासी है और बताया जाता है कि इसे पाक्सो एक्ट के आरोप में 18 दिसंबर 24 को यहां लाया गया था। चर्चा यह भी है कि यहां से एक नहीं बल्कि दो बाल अपचारी भागे थे, जिनमें से एक को स्टेशन से पकड़ लिया गया।
हालांकि जिला प्रोबेशन अधिकारी की मानें तो सिर्फ एक बाल अपचारी ही फरार हुआ है। बाल अपचारी के भागने से यहां की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। बताया जाता है कि पहले संप्रेक्षण गृह बल्दाऊगंज में था, इसके बाद उसे शास्त्रीनगर में शिफ्ट किया गया। लोगों का कहना है कि यहां की अपेक्षा वहां की बिल्डिंग ज्यादा सुरक्षित थी।
