Fatehpur: बेकाबू फॉर्च्यूनर ने खड़ी किआ कार में जोरदार टक्कर मारी...देवर व भाभी की मौत, 9 घायल, राजस्थान से Mahakumbh जा रहे थे
फतेहपुर, अमृत विचार। थरियांव थानाक्षेत्र में रविवार की सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग बुरी तरीके से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
थरियांव थानाक्षेत्र के बहलपुर मोड़ के समीप रविवार की सुबह कानपुर प्रयागराज हाइवे पर एक किआ कार पहले से खड़ी थी। उसी दौरान प्रयागराज की तरफ से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने सामने खड़ी किआ कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खड़ी किआ कार सड़क से नीचे उतरकर खेतों में पलट गई। जबकि टक्कर मारने वाली फॉर्च्यूनर कर सामने खड़े बिजली के पोल से जा भिड़ी।

टक्कर लगते ही दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे में घायल सभी को एम्बुलेंस की मदद से इलाज के लिए भेजवाया। जहां राजस्थान प्रांत के रहने वाली राधा सोनी (58) पत्नी गिरिराज सोनी व कृष्णकांत सोनी (45) की मौत हो गई। जबकि सुमन देवी, बालचंद, नरेश जाखड़, गीता देवी, ज्योति जाखड़ कामता जाखड़ समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में मृतक दोनों रिश्ते में देवर व भाभी बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह सभी लोग प्रयागराज महाकुंभ में शामिल होने आए थे जो सड़क हादसे का शिकार हो गए। वहीं घायलों में तीन लोगों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है जिन्हें इलाज के लिए कानपुर हैलेट में भर्ती कराया गया है। वहीं मामले में थरियांव थाना प्रभारी अरविंद कुमार राय ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये गये है।
