Lucknow Double Murder: संपत्ति के लिए बेटे ने की मां-बाप की निर्मम हत्या, वारदात को अंजाम देकर फरार
लखनऊ: लखनऊ से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मामला मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के जबरौली गांव का है। जहां एक बेटे ने अपने माता-पिता की निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया और पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
यह घटना शनिवार रात की है। जब जगदीश वर्मा (70 वर्ष) और उनकी पत्नी शिवप्यारी (68 वर्ष) का अपने बड़े बेटे ब्रिशकित उर्फ लाला से विवाद हो रहा था। जगदीश वर्मा पेशे से लोहार थे और कई दिनों से उनके बड़े बेटे के साथ संपत्ति को लेकर उनके घर में झगड़े चल रहे थे।
गांववालों का कहना है कि शनिवार रात भी लाला और उसके माता-पिता के बीच झगड़ा हुआ था। इस दौरान लाला ने अचानक हथौड़े से अपने माता-पिता पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत दोनों बुजुर्गों को मोहनलालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से उन्हें इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
वहीं, मोहलालगंज के एसीपी का कहना है कि पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और छापेमारी जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- लखनऊ: एटा पुलिस ने एक फर्जी आईपीएस अधिकारी को पकड़ा, पत्नी की दोस्त के घर विवाद सुलझाने पहुंचा था
