Lucknow News : पीएम आवास योजना के आवास होंगे सौर ऊर्जा से जगमग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Amrit Vichar, Lucknow : उत्तर प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएआई-जी) और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत दिए जा रहे पक्के आवासों तक सुगम पहुंच, जल निकासी, सोलर लाइट, निःशुल्क विद्युत और गैस कनेक्शन जैसी सुविधाएं भी प्रदान करेगी। अधिकृत सूत्रों ने सोमवार को बताया कि जिन लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पक्के आवास मिले हैं, वहां तक आवागमन के लिए योगी सरकार मनरेगा के तहत सीसी रोड और खड़ंजा मार्ग बनाएगी।

इसके साथ ही, जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए सुनियोजित जल निकासी प्रणाली विकसित करने पर जोर दिया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बरसात और कीचड़ जैसी समस्याओं से छुटकारा मिलेगा। उन्होने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा की बचत को ध्यान में रखते हुए योगी सरकार अब प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत बने घरों में सोलर लाइट की सुविधा देने की योजना बना रही है। इससे ग्रामीण परिवारों को बिजली संकट से राहत मिलेगी और वे निःशुल्क सौर ऊर्जा का लाभ उठा सकेंगे। सरकार की मंशा है कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पाने वाले परिवारों को सिर्फ घर ही नहीं, बल्कि जीवनयापन के लिए जरूरी अन्य सुविधाएं भी मिलें। इसके तहत हर घर को रोशन करने के लिए मुफ्त बिजली कनेक्शन दिया जाएगा। इसके अलावा उज्ज्वला योजना के तहत सभी लाभार्थियों को एलपीजी गैस कनेक्शन दिया जाएगा।

गरीब परिवारों को मुफ्त इलाज की सुविधा के लिए आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिलेगा। हर घर में शौचालय निर्माण की व्यवस्था की गई है ताकि स्वच्छता बनी रहे। साथ ही लाभार्थियों को 90 से 95 दिन तक की मजदूरी मनरेगा के तहत दी जाएगी, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। सूत्रों के अनुसार सरकार का लक्ष्य है कि हर जरूरतमंद को 2025 तक पक्का मकान मिले, और वे सभी बुनियादी सुविधाओं से संपन्न हों। सीएम योगी की मंशानुरूप इस योजना से गांवों में जीवन स्तर में सुधार आएगा, आवागमन सुगम होगा, महिलाओं को सशक्तिकरण मिलेगा और गरीब परिवारों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।

यह भी पढ़ें- बसपा सु्प्रीमो मायावती बोली-दिल्ली चुनाव के परिणामों से पार्टी कार्यकर्ता निराश न होकर आंबेडकरवादी संघर्ष जारी रखें

संबंधित समाचार