बरेली: मोटा मुनाफा का झांसा देकर ठेकेदार ने की 15 लाख से ज्यादा की ठगी, FIR
आंवला, अमृत विचार। कन्नौज निवासी एक ठेकेदार ने ठेकेदारी में मोटा मुनाफा होने का झांसा देकर लाखों की ठगी कर ली। ठेकेदार तीन लोगों से 15 लाख 95 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। पीड़ितों ने ठेकेदार के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई। कस्बे के डिग्री कॉलेज के पास रहने वाले सुनील कुमार ने बताया कि सिकंदरपुर नौली कन्नौज के भगत सिंह नगर निवासी राजा गुप्ता पुल और सीसी रोड का ठेकेदार है।
वह उसके यहां आने लगा। परिचय होने पर उसकी बातों से वह प्रभावित हो गया। ठेकेदार ने उसे ठेकेदारी में रुपये लगाने की बात कहकर अच्छा मुनाफा कमाने का प्रलोभन दिया। वह उसके झांसे में आ गया और उसे सात लाख 25 हजार रुपये दे दिए। ठेकेदार अपने पिता के आपरेशन कराने के बहाने उसके पिता से दो लाख बीस हजार रुपये ले गया।
वहीं कस्बे के मोहल्ला लठैता निवासी विमल सिंह ने बताया कि उस ठेकेदार ने उसे झांसा देकर तीन लाख दस हजार रुपये ले लिए। जिसमें उसने उससे उनसठ हजार पांच सौ रुपये वापस ले लिए थे। ठेकेदार पर उसके दो लाख पचास हजार रुपये शेष रह गए है। ठेकेदार लठैता मोहल्ले में अरविंद सिंह के मकान में किराए पर रहता था। वह मकान मालिक से भी चार लाख रुपये ठेकेदारी में लगाने के नाम पर ले चुका है। उन्होंने बताया कि ठेकेदार उनके रुपये लेकर फरार हो गया है। उसका मोबाइल भी बंद जा रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है।
ये भी पढ़ें- बरेली में दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन ने युवक को कुचला, मौत
