बरेली: अब आलोक नगर में तेंदुए का शोर, कत्था फैक्ट्री की ओर भागा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। एयरफोर्स क्षेत्र में घुसे तेंदुए को वन विभाग अब तक नहीं पकड़ सका है। शुक्रवार रात से शनिवार पूरे दिन कत्था फैक्ट्री के पीछे स्थित आलोक नगर में तेंदुआ होने का शोर मचता रहा मगर विभाग की टीम को कुछ नहीं मिला। अब पीलीभीत से विशेषज्ञों की टीम एयरफोर्स पहुंचेगी। टीम इस …

अमृत विचार, बरेली। एयरफोर्स क्षेत्र में घुसे तेंदुए को वन विभाग अब तक नहीं पकड़ सका है। शुक्रवार रात से शनिवार पूरे दिन कत्था फैक्ट्री के पीछे स्थित आलोक नगर में तेंदुआ होने का शोर मचता रहा मगर विभाग की टीम को कुछ नहीं मिला। अब पीलीभीत से विशेषज्ञों की टीम एयरफोर्स पहुंचेगी। टीम इस बात का पता लगाएगी कि आखिर तेंदुआ पकड़ में क्यों नहीं आ रहा है? फिर कारणों के आधार पर उसे पकड़ने की रणनीति बनाई जाएगी।

मुख्य वन संरक्षक ललित कुमार वर्मा ने बताया कि सोमवार को पीलीभीत से डॉ. दक्ष गंगवार अपनी टीम के साथ बरेली पहुंच रहे हैं। इसके बाद वह एयरफोर्स में जाकर जांच पड़ताल करेंगे और इस बात को जानने की कोशिश करेंगे कि तेंदुआ आखिर पकड़ में क्यों नहीं आ रहा है। हो सकता है कि टीम ने जो पिंजड़ा लगाया है वह सही तरीके से न लगा हो या उसके लिए रखा गया शिकार उसे पसंद न हो, इसलिए वह पिंजड़े में नहीं आ रहा है। इन सभी बिंदुओं पर टीम जांच करेगी। इसके बाद उसे पकड़ने के लिए युद्ध् स्तर पर तैयारियां की जाएंगी।

आलोक नगर में जब तेंदुआ होने का शोर मचा तो वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। लोगों से पूछताछ की मगर कुछ हाथ नहीं लगा। लोगों ने बताया भी कि उन्होंने किस जगह पर तेंदुआ देखा मगर टीम नहीं पकड़ पाई। टीम दावा कर रही है कि जिस जगह पर लोगों ने तेंदुए के होने की बात कही थी वहां उसके पग चिह्न भी नहीं मिले। वहीं, लोगों का दावा है कि उन्होंने तेंदुए को भागते हुए देखा है। वह भागकर फिर से कत्था फैक्ट्री की ओर चला गया।

संबंधित समाचार