संभल: श्री कल्कि धाम स्थापना दिवस समारोह आज, राज्यपाल होंगी शामिल
संभल, अमृत विचार: संभल ऐंचौड़ा कम्बोह में श्री कल्कि धाम स्थापना दिवस समारोह में आज राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शामिल होकर भू उत्खनन कार्य का शुभारंभ करेंगी। एक साल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल्कि धाम का शिलान्यास शिला पूजन कर किया था। राज्यपाल गांव इटायला माफी के पीएम श्री विद्यालय का निरीक्षण करके उम्मीद संस्थान के भीख से शिक्षा कार्यक्रम में बच्चों और परिवारों से रूबरू होकर किट भी वितरण करेंगी। समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। डीएम और एसपी ने भी तैयारियों का जायजा लिया।
श्री कल्कि धाम में बुधवार को स्थापना दिवस समारोह के मौके पर भू उत्खनन कार्य का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा किया जाएगा। आध्यात्मिक गुरु आचार्य सुधांशु महाराज भू उत्खनन कार्य में आशीर्वाद देंगे। समारोह को लेकर संभल जिले के गांवों में सघन संपर्क अभियान चलाया गया। जिसमें स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की जानकारी दी गई। गांवों में नुक्कड़ सभाएं भी की गईं।
संपर्क अभियान में चेयरमैन एमएस हेरिटेज मेरठ रामकिशोर त्यागी, वरिष्ठ पत्रकार विजेंद्र त्यागी, टाटा कंपनी के सलाहकार सैमसंग और टाटा कंपनी के सलाहकार रवि त्यागी, गिरीश त्यागी ढनसोली, कल्यानपुर के भोले प्रधान, प्रमोद त्यागी रहरा,आमोद त्यागी रहरा, नितिन त्यागी भीमा सुल्तानपुर, खिलेंद्र सिंह सिंहपुरसानी ने अहम भूमिका निभाई। इस बीच जिला प्रशासन ने भी समारोह को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर लीं।
परिषदीय स्कूल का निरीक्षण कर किट वितरित करेंगी राज्यपाल
संभल, अमृत विचार : जिला प्रशासन को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का कार्यक्रम मिल चुका है। कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल का हेलीकाप्टर 10.50 बजे हेलीपेड पर उतरेगा। यहां से राज्यपाल कार द्वारा कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगी। 11 बजे से 12.20 बजे तक राज्यपाल कल्कि धाम के स्थापना दिवस कार्यक्रम में रहेंगी। यहां से 1 बजे राज्यपाल पीएम श्री विद्यालय इटायला माफी के परिषदीय स्कूल को रवाना होंगी। वहां निरीक्षण के बाद 1.30 बजे से 3.30 बजे तक बैठक करेंगी और उम्मीद संस्थान के भीख से शिक्षा कार्यक्रम में बच्चों और परिवारों से रूबरू होकर किट वितरण करेंगी। 3.30 के बाद बजे राज्यपाल हेलीपेड पर पहुंचकर हेलीकाप्टर से रवाना हो जाएंगी।
अधिकारी पीएम श्री विद्यालय इटायला माफी भी पहुंचे
श्री कल्कि धाम ऐंचौड़ा कम्बोह में राज्यपाल के कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को दिनभर सरकारी अमला तैयारी में जुटा रहा। डीएम डॉ.राजेंद्र पैंसिया, एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई, सीडीओ गोरखनाथ भट्ट, एसडीएम डॉ.वंदना मिश्रा ने हेलीपेड का निरीक्षण किया। जिसके बाद कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम से जानकारी ली। पंडाल और अन्य व्यवस्थाओं को देखने के बाद अधिकारी पीएम श्री विद्यालय इटायला माफी पहुंचे। वहां भी तैयारियों का जायजा लिया।
यह भी पढ़ें- संभल: जींस कारखाने में पकड़ी बिजली चोरी, बदसलूकी और हंगामा करने वाले दो गिरफ्तार
