संभल: जींस कारखाने में पकड़ी बिजली चोरी, बदसलूकी और हंगामा करने वाले दो गिरफ्तार
संभल, अमृत विचार। सदर कोतवाली क्षेत्र में चोरी की बिजली से जींस सिलाई का कारखाना पकड़ में आने पर व्यक्ति ने झूठी अफवाह फैलाकर आसपास के लोगों को इकठ्ठा कर बिजली विभाग की टीम के साथ अभद्रता की। वहीं पुलिस के साथ बाइक व सीढ़ी लेने पहुंचे कर्मचारी का एक व्यक्ति ने कॉलर पकड़कर खींच लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया। वहीं तहरीर मिलने पर पुलिस ने दो नामजद सहित कई लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मंडी किशनदास सराय में स्थित 33/11केवी बिजलीघर धोबीघाट में तैनात अवर अभियंता भूपेंद्र कुमार गंगल मंगलवार की सुबह साढ़े दस बजे टीजी 2 पंकज कुमार व संविदाकर्मी लाइनमैन विनीत, रियाजुल, वारिस और रियातस के साथ मंडी किशनदास सराय में बिजली के बिलों की चैंकिग का कार्य कर रहे थे। आरोप है कि मोहल्ला निवासी हनीफ अलग से केबिल डालकर चोरी की बिजली घर के अंदर इस्तेमाल करते हुए जींस सिलाई का कारखाना चला रहा था। इसी के साथ मोहल्ला में भी कई घरों में बिजली की चोरी की जा रही थी। तभी टीम को हनीफ के घर से बीमार बुजुर्ग महिला को उपचार के लिए अस्पताल लेकर जाने की सूचना मिली। कहा कि हनीफ व हनीफ के पड़ोसियों के उकसाने पर मोहल्ला के लोग इकठ्ठा हो गए और भ्रामक सूचना फैलाकर मौके पर इकठ्ठा लोग हंगामा करने लगे। हंगामा बढ़ता देखकर टीम जाने लगी, लेकिन भीड़ ने सीढ़ी व एक बाइक को लेकर जाने नहीं दिया। वहीं भीड़ ने बाइक में तोड़फोड़ की। मोहल्ला के ही घोसा ने टीजी 2 पंकज कुमार का पीछे से कॉलर पकड़कर खींच लिया। कोतवाली प्रभारी अनुज कुमार तोमर ने बताया कि अवर अभियंता की तहरीर के आधार पर दो नामजद सहित 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है । दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।
परिवार ने लगाये बिजली विभाग की टीम पर आरोप
संभल, अमृत विचारः सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मंडी किशनदास सराय निवासी व जींस सिलाई का कारखाना स्वामी हनीफ ने बताया कि मंगलवार को परिवार के लोगों के साथ खेत पर आलू की खुदाई करने गया था। आरोप लगाया कि मुख्य गेट बंद होने पर मोहल्ला में पहुंची बिजली विभाग की टीम सीढ़ी लगाकर पहली मंजिल पर पहुंची। बिजली विभाग की टीम के खींचने पर बाथरुम की कुड़ी टूट गई। इस बात का विरोध किया तो बिजली विभाग के कर्मचारी गाली गलौज करने लगे। जिसकी वजह से हनीफ की मां नसीम जहां बेहोश हो गई। कहा कि मां के बेहोश होने पर बिजली विभाग की टीम सीढ़ी व बाइक छोड़कर मौके से भाग गई।
ये भी पढ़ें - संभल: चोरी रोकने गई बिजली विभाग की टीम को बनाया बंधक, भागकर बचाई जान
