Bareilly: भीड़ भी ऐसी...ट्रेन में चढ़ गए बच्चे और रह गए माता-पिता, खुद से दूर जाता देख बदहवास होकर चिल्लाने लगे
बरेली, अमृत विचार : ट्रेनों के जनरल कोचों में बेतहाशा भीड़ यात्रियों का भरपूर इम्तहान ले रही है। मंगलवार को जम्मू जा रही सियालदह एक्सप्रेस में छोटे बच्चों को जैसे-तैसे चढ़ाने के बाद मां-बाप खुद भी चढ़ पाने में कामयाब हो पाते कि ट्रेन चल दी। इस पर दोनों बदहवास होकर चिल्लाने लगे। पिता ट्रैक पर कूद पड़ा और ट्रेन जाते देख बिलखने लगा। रेल अफसरों ने सीबीगंज में ट्रेन को रुकवाकर बच्चों को उतरवाया।
सियालदह मंगलवार को करीब डेढ़ घंटे देरी से प्लेटफार्म दो पर पहुंची थी। ट्रेन के जनरल कोच में जबर्दस्त भीड़ थी। आसिफ को इस ट्रेन से पत्नी नूर बानो और छह से 12 साल के माहिरा, आमिर और जोया समेत चार बच्चों के साथ जम्मू की ओर जाना था। ट्रेन रुकने के बाद बमुश्किल उन्होंने बच्चों को कोच में चढ़ाया लेकिन पत्नी के साथ खुद बैठ पाते कि ट्रेन चल दी। पहले तो आसिफ ट्रेन पकड़ने दौड़े, फिर पत्नी को प्लेटफार्म पर छूटते देखा तो असमंजस में पड़कर रुक गए। ट्रेन बच्चों को लेकर चली गई। पति-पत्नी दोनों बदहवास होकर चिल्लाने लगे।
प्लेटफार्म चार से प्रयागराज एक्सप्रेस रवाना करके लौट रहे सीएमआई मो. इमरान, आरपीएफ इंस्पेक्टर विनीता कुमारी, जीआरपी प्रभारी अजीत कुमार सिंह ने दोनों को रोते-बिलखते देखा तो रुक गए। सीएमआई ने कंट्रोल मेसेज भेजकर सीबीगंज में ट्रेन को रोकने का आग्रह किया। लगभग 7.20 बजे आसिफ और नूर बानो सीबीगंज पहुंचे जहां स्टेशन मास्टर ने उनके बच्चों को उतार लिया था।
यह भी पढ़ें- Bareilly: लापरवाही करने पर फंसे एसीएम फर्स्ट और बल्लिया के नायब तहसीलदार, डीएम ने दी चेतावनी
