पीलीभीत: रूस भेजने के नाम पर 1.20 लाख की ठगी, कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। आईलेट्स सेंटर संचालक ने रूस भेजने के नाम पर दो युवकों से 1.20 लाख की ठगी कर ली। रुपये मिलने के बाद भी दोनों युवकों को वीजा नहीं मिला। पीड़ित ने कोतवाली में आइलेट्स संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
 
कोतवाली बीसलपुर क्षेत्र के मोहल्ला हबीबुल्ला खां निवासी समीर पुत्र अनीस अहमद ने सदर कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि अमरिया क्षेत्र के ग्राम गायबोझ निवासी नावेद मलिक का सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भूरे खां में एसआर ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड के नाम से आइलेट्स सेंटर है। नावेद ने रूस में पैकिंग हेल्प कार्य करने के लिए नौकरी लगवाने का झांसा दिया। नावेद ने कहा कि एक व्यक्ति को रूस भेजने का खर्च करीब 1.50 लाख रुपया आएगा। वीजा आदि दस्तावेज खुद तैयार करवा देने की बात भी कही। आधे रुपये पहले मांगे गए और आधे रुपये वीजा आने के बाद देने को कहा गया। जिस पर उसने नावेद को 45 हजार रुपये यूपीआईआईडी के माध्यम से दिए। जबकि 25 हजार रुपये नकद दिए थे। उसके पड़ोसी अजीम खां ने भी नावेद को 50 हजार रुपये दिए। काफी समय बीतने के बाद भी न तो उसको वीजा दिया गया और न ही विदेश भेजा गया। 

पीड़ित के मुताबिक दबाव बनाने पर 50 हजार का चेक आरोपी ने उसको दिया। अजीम को भी 30 हजार का चेक दिया। उसने जब चेक बैंक में लगाया तो वह बाउंस हो गया। इसके बाद नावेद ने कार्यालय में बुलाकर रुपये देने की बात कही। ऑफिस में पहुंचने के बाद नावेद न उन लोगों से चेक मांगे। चेक न देने पर उसे और अजीम को गाली गलौज करते हुए भगा दिया। 

कार्यालय से निकलकर वह और अजीम नेहरू पार्क वाले रास्ते से ठेका चौकी की ओर जा रहे थे। तभी पीछे से नावेद व उसका एक अज्ञात साथी वहां आ गए और रास्ते में रोक कर उसे व उसके साथी अजीम से मारपीट करने लगे। स्टांप देकर जबरन साइन कराने का प्रयास किया गया। शोर शराबा होने पर आसपास के लोग आ गए। जिस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

ये भी पढ़ें - पीलीभीत: हाईवे किनारे तालाब में उतराता मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

संबंधित समाचार