Kanpur में मानक विहीन अस्पतालों पर कार्रवाई शुरू, यह अस्पताल किया गया सील... मिली थीं कई खामियां
कानपुर, अमृत विचार। शहर में संचालित मानक विहीन अस्पतालों के खिलाफ मुख्य चिकित्साधिकारी ने सख्ती करनी शुरू कर दी है, जिसके तहत कुछ निजी अस्पताल संचालकों के खिलाफ भय का महौल हैं, लेकिन कई ऐसे लोग भी है, जो बेधड़क मानक विहीन और अधूरे कागजातों के सहारे अपने अस्पतालों का संचालन कर रहे है, जब स्वास्थ्य टीम निरीक्षण करने पहुंच रही है तो सारी पोल पट्टी खुल रही है।
शहर के कल्यानपुर, नए व पुराना शिवली रोड, पनकी रोड, गोविंद नगर, बर्रा, किदवई नगर, नौबस्ता, हमीरपुर रोड, रामादेवी, चकेरी, महाराजपुर समेत आदि जगहों पर निजी नर्सिंग होमों का संचालन किया जा रहा है, जिनमे जांच करने जब स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंचती है तो इनमे से कई अस्पतालों में खामियां पाई जाती है। कई अस्पतालों को बिना पंजीकरण और मानक के विहिन संचालित होते टीम पकड़ भी चुकी है, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर से उनका संचालन शुरू हो जाता है।
कई अस्पताल तो घरों तक में संचालित किए जा रहे, जिनमे मानक के विहिन आईसीयू व ऑपरेशन थिएटर तक की सुविधा उपलब्ध होने का साझा देकर मरीजों के तीमारदारों को बरगलाकर मोटी रकम एैंठी जाती है। लेकिन जब से सीएमओ डॉ.हरीदत्त नेमी ने कार्यभार संभाला है, तब से ऐसे अस्पतालों पर कार्यवाही शुरू हो गई है। इसी के तहत सोमवार रात को सीएमओ के निर्देश पर एसीएमओ डॉ.रमित रस्तोगी बर्रा बाईपास पहुंचे, यहां पर उन्होंने प्रज्ञा हॉस्पिटल में छापा मारा तो मौजूद स्टाफ के बीच हड़कंप मच गया।
जानकारी होने पर कुछ कर्मी मौके से भाग गए, मौजूद लोग हॉस्पिटल के पूरे कागजात तक नहीं दिखा सके। मानक विहिन संचालित हो रहे प्रज्ञा अस्पताल को एसीएमओ ने सील कर दिया। सीएमओ डॉ.हरीदत्त नेमी ने बताया कि मानक विहिन संचालित होने पर वर्तमान में प्रज्ञा अस्पताल पर सील की कार्यवाही की गई है। साथ ही संचालक को नोटिस देकर जवाब भी मांगा गया है।
