Bareilly: माफिया अशरफ के साले सद्दाम और लल्ला गद्दी की 5.29 करोड़ की अचल संपत्ति कुर्क, जानें मामला
दोनों पर जेल से षडयंत्र रचने और लोगों को धमकाने में अशरफ का साथ देने का आरोप
बरेली, अमृत विचार: एसएसपी की संस्तुति पर डीएम ने गैंगस्टर एक्ट के तहत माफिया अशरफ के साले अब्दुल समद उर्फ सद्दाम और उसके पार्टनर मोहम्मद रजा उर्फ लल्ला गद्दी की हरुनगला में 5.29 करोड़ से ज्यादा की अचल संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया है। एसडीएम सदर को इस संपत्ति का प्रशासक नियुक्त किया है।
जिला मजिस्ट्रेट की कोर्ट से जारी आदेश के अनुसार वाद की कार्यवाही 4 फरवरी को आई एसएसपी और 7 फरवरी को आई निरीक्षक अपराध थाना बिथरी चैनपुर की आख्या के आधार पर प्रारंभ हुई। जिसमें बताया कि अभियुक्त अब्दुल समद उर्फ सद्दाम पुत्र मंसूर अहमद निवासी ग्राम इटवा उपहार, अहमदपुर असरौली, मनौरी थाना, जनपद कमिश्नरेट प्रयागराज एवं हाल निवासी खुशबू इन्क्लेव कालोनी, थाना बारादरी और मोहम्मद रजा उर्फ लल्ला गद्दी पुत्र अहमद अली उर्फ नत्थू निवासी 45 पुराना शहर, चक महमूद गांधी मूर्ति, कांकरटोला थाना बारादरी ने आपराधिक कृत्य करके स्वयं व अपने सहयोगियों के साथ मिलकर अवैध धन अर्जित किया है।
अभियुक्त सद्दाम और लल्ला गद्दी ने अवैध धन से मोहम्मद जाहिद व इलियास के नाम पर इकरारनामे के जरिए हरुनगला में भूमि गाटा संख्या 530 व 531 कुल क्षेत्रफल 1.5810 हेक्टेयर में से 1/10 भाग, करीब तीन बीघा जमीन (कीमत 5,29,44360 रुपये) खरीदी है। दोनों के विरुद्ध 27 फरवरी, 2024 को गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की गयी। अपराध निरीक्षक ने अवैध रूप से धन कमाकर खरीदी भूमि को उप्र गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत राज्य सरकार के पक्ष में कुर्क करने का अनुरोध किया था।
वहीं, इस गिरोह में 11 सदस्य हैं। सद्दाम, लल्ला गद्दी के अलावा मोहम्मद फरहद खां उर्फ गड्डू, दयाराम उर्फ नन्हें, मोहम्मद सरफुद्दीन उर्फ शब्बू, फुरकान नवी खान, राशिद अली, मोहम्मद आरिफ, जेल वार्डन मनोज कुमार गौड़ और जेल वार्डन शिव हरी अवस्थी शामिल हैं। जिजा मजिस्ट्रेट ने 19 फरवरी को आदेश सुनाया।
जेल में बंद रहने के दौरान अशरफ की थी मदद
सद्दाम के खुशबू इन्क्लेव में रहते हुए प्रयागराज के कुख्यात गैंगस्टर अतीक अहमद व अशरफ अहमद के रिश्तेदारों की दबंगई के आधार पर अवैध रूप से जमीनों पर कब्जा करने, धमकी देकर अवैध धन अर्जित करने के जनपद प्रयागराज के थाना पुरामुफ्ती व धूमनगंज नगर व थाना बिथरी चैनपुर में नौ मुकदमे दर्ज हैं।
सद्दाम ने आर्थिक लाभ प्राप्त करने के लिए जिला कारागार बरेली में निरुद्ध कुख्यात गैंगस्टर एक्ट के अपराधी अशरफ अहमद से जेल में जाकर आपराधिक षड़यंत्र की तैयारी करना व फोन से जेल के कुछ कर्मचारियों को अपने अवैध धन के झांसे में लेकर फोन से गैंगस्टर अशरफ व अपने विरुद्ध पंजीकृत गंभीर अपराधों में साक्षियों को धमकाने, धमकी देकर अपने व अपने साथियों के साथ मिलकर आर्थिक व भौतिक लाभ के उद्देश्य से वर्ष 2015 से अब तक नौ अभियोगों में संलिप्त रहा है। वहीं लल्ला गद्दी के खिलाफ बारादरी, बिथरी चैनपुर में पांच मुकदमे दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें- Bareilly: कितना क्लीन हुआ अपना बरेली? बताएगा केंद्रीय टीम का स्वच्छता सर्वे
