हरदोई: दूध में जहर है... बच्चों से बोली शिक्षिका, डरे-सहमे छात्रों ने पीने से किया इनकार, देखें वीडियो
हरदोई। प्रधानाध्यापक की कुर्सी को ले कर छिड़ी रार अब बच्चों की सेहत तक पहुंच चुकी है। वहां की इंचार्ज अध्यापिका रह चुकी सहायक अध्यापिका बच्चों के बीच पहुंची और उनसे कहा कि दूध में जहर मिला हुआ है, इतना सुनते ही बच्चे इतना डर गए कि लाख कहने के बाद भी उन्होनें दूध को हाथ तक नहीं लगाया और तो और एमडीएम लेने आगे वहीं आए। वीडियो में बच्चे कहते हुए सुने गए कि बड़ी मैम ने उनसे ऐसी बात कही थी।
बताते चले कि बावन ब्लाक के पीएम श्री विद्यालय मुजाहिद पुर में नियमावली के तहत हेमंत पाण्डेय का प्रधानाध्यापक के पद पर पदस्थापन हुआ था, लेकिन वहां तैनात इंचार्ज अध्यापिका स्नेहा सिंह ने आदेश को दर-किनार करते हुए हेमंत पाण्डेय को चार्ज नहीं सौंपा, इसके लिए हेमंत पाण्डेय ने बीएसए से शिकायत की और शासन को भी चिट्ठी लिखी, तमाम कुछ कहने-सुनने के बाद भी स्नेहा सिंह ने किसी की नहीं सुनी और मेडिकल पर चली गई।
उसके बाद हेमंत पाण्डेय ने दिए गए निर्देशों के चलते मानव संपदा आईडी पर अपने को प्रधानाध्यापक पीएम श्री विद्यालय मुजाहिदपुर दर्ज करते हुए सरकारी काम-काज शुरू कर दिया। सहायक अध्यापिका स्नेहा सिंह बुधवार को मेडिकल से लौटी, उस वक्त बच्चों को दूध बांटा जा रहा था, सारे बच्चे कतार लगाए हुए थे, लेकिन उसी बीच सारे के सारे वहां से गायब हो गए।
प्रधानाध्यापक हेमंत पाण्डेय ने उन बच्चों से दूध न लेने की वजह पूछी तो उन्होनें बताया कि बड़ी मैम ने कहा था कि दूध में ज़हर मिला हुआ है। प्रधानाध्यापक पाण्डेय ने बताया कि सहायक अध्यापिका स्नेहा सिंह की ऐसी अफवाह फैलाने से बच्चों ने एमडीएम तक को हाथ नहीं लगाया।
प्रधानाध्यापक पाण्डेय ने बच्चों का वीडियो और अपनी शिकायत बीएसए व बीईओ बावन को भेजते हुए जांच कर ऐसा कृत्य करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में बच्चों के साथ कोई ऐसा खिलवाड़ करने की कोशिश न करे।
