लखनऊ के तीन स्वास्थ्य केंद्रों को कायाकल्प अवार्ड, 50 हजार की धनराशि से कार्मिकों को किया जायेगा प्रोत्साहित
लखनऊ, अमृत विचार। जानकीपुरम आयुष्मान आरोग्य मंदिर को वर्ष 2023-24 के लिए कायाकल्प पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार कायाकल्प नोडल अधिकारी डॉ. विनय मिश्रा ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज को प्रदान किया। यह सम्मान स्वास्थ्य केंद्र की उत्कृष्ट स्वच्छता, मरीजों की देखभाल, संक्रमण नियंत्रण और प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए दिया गया है।
अलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के तहत आने वाले नौ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का कायाकल्प असेसमेंट हुआ था, जिसमें से तीन स्वास्थ्य केंद्रों को प्रमाणित किया गया। इन केंद्रों को 50,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई, जिसका उपयोग अस्पताल प्रबंधन को मजबूत करने और कार्मिकों को प्रोत्साहित करने में किया जाएगा।
गौरतलब है कि जानकीपुरम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (जानकीपुरम आयुष्मान आरोग्य मंदिर) ने लगातार दूसरी बार यह पुरस्कार जीता है, इससे पूर्व वर्ष 2022-23 में भी इसे यह सम्मान प्राप्त हुआ था। यह उपलब्धि केंद्र के चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों और प्रबंधन की मेहनत और समर्पण का परिणाम है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि यह पुरस्कार प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में किए जा रहे सुधारों को दर्शाता है। स्वास्थ्य कर्मियों का निरंतर प्रयास और समर्पण इस तरह की उपलब्धियों को संभव बनाता है।
यह भी पढ़ें- UP Budget 2025: यह बजट नहीं 'बहुत बड़ा ढोल' है... बुनकर और हथकरघे खामोश हो गए, यूपी सरकार पर भड़के अखिलेश यादव
